शोरूम में ज्वेलरी पहनकर बना रही थी VIDEO, तभी मचा बवाल; सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
गोरखपुर के सेंको ज्वेलरी शोरूम में शूटिंग के दौरान इंफ्लुएंसर श्वेता मिश्रा से विवाद हो गया। कैमरा छीनने और अभद्रता का आरोप लगा है। घटना का वीडियो वायरल है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में ज्वेलरी शोरूम में शूटिंग करने पहुंची सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और कर्मचारियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। सिटी मॉल रोड स्थित सेंको ज्वेलरी शोरूम में शूटिंग के दौरान इंफ्लुएंसर श्वेता मिश्रा ज्वेलरी पहनकर वीडियो बना रही थीं। इसी दौरान ज्वेलरी की जांच को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कर्मचारियों ने अभद्रता और मारपीट की तथा कैमरा छीनने की कोशिश की।
ज्वेलरी चेक करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, श्वेता मिश्रा शूटिंग के लिए शोरूम पहुंची थीं। शूट के दौरान उन्होंने ज्वेलरी पहनकर वीडियो बनाया। इसी बीच कर्मचारियों ने शूटिंग खत्म होने के बाद ज्वेलरी की जांच करने की बात कही।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में गोरखपुर के रामगढ़ताल और राजघाट थाना क्षेत्रों में ज्वेलरी शोरूम में चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद कारोबारी और कर्मचारी सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं। इसी वजह से कर्मचारी पहनी गई ज्वेलरी की जांच करना चाहते थे।
कैमरा छीनने की कोशिश का भी आरोप
ज्वेलरी की जांच को लेकर इंफ्लुएंसर और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान कर्मचारियों ने श्वेता मिश्रा के साथ अभद्रता और मारपीट की। साथ ही उनके कैमरे पर झपट्टा मारकर उसे छीनने की कोशिश किए जाने का भी आरोप है।
घटना के बाद श्वेता मिश्रा ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखा। इसके बाद विवाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
वायरल वीडियो पर बंटे नजरिए
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग हालिया चोरी की घटनाओं के मद्देनजर शोरूम कर्मचारियों की सतर्कता को सही बता रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इंफ्लुएंसर के साथ कथित अभद्रता और कैमरा छीनने की कोशिश पर सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल दोनों पक्षों का विस्तृत पक्ष सामने आना बाकी है। घटना की वास्तविक स्थिति और विवाद के दौरान क्या हुआ, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: तमंचा दिखाकर दुष्कर्म का आरोप, VIDEO-PHOTO से ब्लैकमेलिंग का भी दावा; पांच पर केस



