गोरखपुर में सनसनी: दो दिन से लापता युवक रजाई के खोल में बंधा मिला, प्रेम प्रसंग में मारपीट की चर्चा
गोरखपुर में दो दिन से लापता 25 वर्षीय युवक रजाई के खोल में बंधा मिला। प्रेम प्रसंग में मारपीट की चर्चा है। पुलिस ने गुमशुदगी की प्राथमिकी के बाद जांच तेज कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में दो दिन से लापता 25 वर्षीय युवक बुधवार को कोटिया नाला के किनारे रजाई के खोल में बंधा मिला। बेहोशी की हालत में मिले युवक को गंभीर स्थिति में बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रजाई के खोल में बंधा मिला युवक
राम प्रवेश साहनी सोमवार रात अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। मंगलवार रात पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी गई। बुधवार सुबह ग्रामीणों को कोटिया ताल के किनारे एक रजाई का खोल दिखाई दिया। संदेह होने पर उसे खोला गया तो राम प्रवेश अंदर बंधा मिला।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
प्रेम प्रसंग में मारपीट की चर्चा, पुलिस कर रही जांच
गांव में चर्चा है कि राम प्रवेश का एक युवती से प्रेम प्रसंग था। ग्रामीणों के मुताबिक, युवती की शादी दूसरी जगह तय होने के बावजूद दोनों के बीच बातचीत जारी थी। दावा है कि दो दिन पहले दोनों को युवती के घर में मिलने के दौरान पकड़ा गया था, जिसके बाद युवक के साथ मारपीट की गई।
हालांकि, इन चर्चाओं की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। युवक के परिजनों ने एक परिवार पर उसे जबरन ले जाने, मारपीट करने और रजाई के खोल में बांधकर फेंकने का आरोप लगाया है।
गुमशुदगी के बाद अब सामने आएगा पूरा सच
थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र के अनुसार, युवक के लापता होने की सूचना पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की बात सामने आ रही है। युवक के बरामद होने के बाद पुलिस अब घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: बदायूं में अंबेडकर प्रतिमा को लेकर अचानक भड़का विवाद, पुलिस पर बरसे पत्थर



