गोरखपुर की 5 KM सड़क पर गड्ढों का राज! मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत, मरम्मत की मांग
गोरखपुर के चिल्लूपार में पटना तिराहे से रामजानकी मार्ग तक पांच किलोमीटर सड़क जर्जर है। गड्ढों से परेशान राहगीरों की शिकायत पर मुख्यमंत्री से मरम्मत की मांग की गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में पटना तिराहे से निर्माणाधीन रामजानकी मार्ग तक करीब पांच किलोमीटर सड़क की बदहाली को लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत की गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता ने मार्ग की जांच के साथ तत्काल मरम्मत और इसे गड्ढामुक्त कराने की मांग की है।
पांच किलोमीटर सड़क पर जगह-जगह गड्ढे
संसारपार निवासी किसान नेता नागेंद्र सिंह रघुवंशी ने मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग मंत्री को भेजी शिकायत में बताया कि पटना चौराहे से राजा हरि प्रसाद मल्ल होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज होते हुए रामजानकी मार्ग को जोड़ने वाली सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त है। उनका आरोप है कि खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
उनके मुताबिक, यह मार्ग देवरिया, कुशीनगर के साथ बिहार के सिवान, छपरा और पटना सहित चिल्लूपार के कछार क्षेत्र को प्रमुख मार्गों से जोड़ता है।
IGRS निस्तारण पर भी उठाए सवाल
शिकायतकर्ता ने ग्रामीण जल मिशन, पंचायती राज और विद्युत विभाग से जुड़ी आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि कुछ मामलों में शिकायतकर्ता से संपर्क किए बिना ही पोर्टल पर निस्तारण दर्ज कर दिया गया। उन्होंने इसकी जांच कराने की मांग की है।
SDM-तहसीलदार की कार्यप्रणाली पर सवाल
शिकायत में गोला तहसील के एसडीएम और तहसीलदार की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि जनहित से जुड़े मामलों को गंभीरता से नहीं सुना जाता और अधिकारियों के सीयूजी नंबर भी अक्सर बंद रहते हैं। नागेंद्र सिंह ने मामले की जांच और जवाबदेही तय करने की मांग की है। शिकायत की प्रतियां सांसद कमलेश पासवान, विधायक राजेश त्रिपाठी और पीडब्ल्यूडी गोरखपुर जोन के मुख्य अभियंता को भी भेजी गई हैं।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: बदायूं में 14 दिन में पति-पत्नी की मौत, अब महिला की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप



