घर से अचानक लापता हुआ 9 साल का अनुराग, 4 घंटे बाद पुलिस ने ऐसे खोज निकाला
गोरखपुर के पीपीगंज में घर से लापता हुआ 9 वर्षीय अनुराग चार घंटे बाद पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे के मिलने पर मां भावुक हो गईं और पुलिस का आभार जताया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: रविवार दोपहर घर से अचानक लापता हुए नौ वर्षीय अनुराग शर्मा को पीपीगंज पुलिस ने करीब चार घंटे की तलाश के बाद सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे के मिलने की खबर मिलते ही परिवार की चिंता राहत में बदल गई। बेटे को सामने देखकर मां भावुक हो गईं और पुलिसकर्मियों के प्रति आभार जताया।
तीन घंटे तक परिजन करते रहे तलाश
पीपीगंज नगर पंचायत के भारद्वाज नगर निवासी विनोद शर्मा का नौ वर्षीय बेटा अनुराग रविवार दोपहर अचानक घर से निकल गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे तक खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस टीम ने कई इलाकों में चलाया अभियान
सूचना मिलते ही पीपीगंज कस्बा चौकी प्रभारी आदित्य प्रताप सिंह ने पुलिस टीम को बच्चे की तलाश में लगाया। पुलिसकर्मियों ने नगर के अलग-अलग इलाकों में खोजबीन की और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई। लगातार प्रयास के बाद पुलिस को बच्चे के बारे में सुराग मिला।
करीब चार घंटे बाद अनुराग को नगर के ही एक वार्ड से सकुशल बरामद कर लिया गया।
बेटे को देखते ही भावुक हुई मां
पुलिस ने शाम को बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। लंबे इंतजार के बाद अनुराग को सुरक्षित सामने देखकर उसकी मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने पुलिसकर्मियों को धन्यवाद देते हुए उनके प्रति आभार जताया। बच्चे के सकुशल घर लौटने पर परिवार ने राहत की सांस ली।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: सीतापुर में 10 साल का मयंक गहरे पानी में डूबा, 3 घंटे बाद पहुंची SDRF; तलाश जारी



