गोरखपुर में 8 अक्टूबर को निकलेगा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च, सपा ने पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
गोरखपुर में सपा 8 अक्टूबर को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकालेगी। बैठक में मतदाता सूची, महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने और बीएलए सूची को लेकर जिम्मेदारी सौंपी गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मतदाता सूची और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने गोरखपुर में गतिविधियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को बेतियाहाता स्थित पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम की अध्यक्षता में मासिक बैठक हुई। बैठक में पार्टी ने 8 अक्टूबर को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकालने की घोषणा की।
8 अक्टूबर को बेतियाहाता से निकलेगा मार्च
जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे पार्टी कार्यालय बेतियाहाता से मार्च शुरू होगा। मार्च शास्त्री चौक होते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचेगा।
मतदाता सूची को लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी
बैठक में उन बूथों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई, जहां महिला मतदाताओं की संख्या कम है। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों को ऐसे क्षेत्रों में पहुंचकर पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए काम करने को कहा गया। पार्टी ने 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 जमा कराने पर भी जोर दिया। निर्वाचन आयोग के अनुसार नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 का इस्तेमाल किया जाता है।
विधानसभा अध्यक्षों से मांगी गई बीएलए सूची
बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों को अपनी वर्तमान बीएलए सूची पार्टी कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि उसे जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कराया जा सके। साथ ही विधानसभा स्तर पर मासिक बैठक आयोजित कर उसकी रिपोर्ट पार्टी कार्यालय को देने को कहा गया। बैठक का संचालन जिला महासचिव रामनाथ यादव ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: बरेली की लूट, बदमाशों का पीछा और अहलादपुर एनकाउंटर… इंस्पेक्टर गीतेश कपिल को बड़ा सम्मान



