गोरखपुर में शिक्षक MLC चुनाव के लिए मतदान जारी, बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Gorakhpur News: गोरखपुर में शिक्षक खंड निर्वाचन के लिए 18 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी है। डीएम दीपक मीणा ने टीडीएम स्कूल समेत विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा और मतदान व्यवस्था का जायजा लिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन को लेकर शुक्रवार सुबह से मतदान जारी है। जिले के 18 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे वोटिंग शुरू हुई। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इस बीच जिलाधिकारी दीपक मीणा ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

18 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से वोटिंग

गोरखपुर जिले में शिक्षक खंड निर्वाचन के लिए बनाए गए 18 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा कर्मी मतदाताओं की जांच के बाद ही उन्हें केंद्र के अंदर प्रवेश दे रहे हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी हो सके।

मोबाइल, पेन और प्रतिबंधित सामान ले जाने पर रोक

मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन कराया जा रहा है। निर्धारित नियमों के तहत मोबाइल फोन, पेन और अन्य प्रतिबंधित सामान अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। मतदाताओं की जांच के लिए सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। प्रशासन का जोर मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाए रखने पर है।

DM दीपक मीणा ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने शुक्रवार को जिले के अलग-अलग मतदान केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान वह टीडीएम स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर भी पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से मतदान की स्थिति की जानकारी ली और निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं, मतदान केंद्रों के बाहर विभिन्न प्रत्याशियों के कैंप भी लगाए गए हैं। इन कैंपों के जरिए मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम खोजने में मदद दी जा रही है। प्रशासन लगातार मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और सुरक्षा पर नजर बनाए हुए है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बदायूं में अवैध अस्पतालों पर बड़ा एक्शन! कई हॉस्पिटल सील, मचा हड़कंप

Related Articles

Back to top button