वोट डालें शिक्षक, मगर पहले स्कूल आएं! गोरखपुर में DM के आदेश पर उठे सवाल
Gorakhpur News: मतदान के दिन अवकाश के बावजूद कुछ स्कूलों में शिक्षकों को बुलाने का आरोप लगा है। शिक्षकों ने नाराजगी जताई, जबकि प्रशासनिक आदेश के पालन पर सवाल उठे हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मतदान का दिन था, बच्चों की छुट्टी घोषित थी और शिक्षकों को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का अवसर मिलना चाहिए था। लेकिन गोरखपुर में कुछ स्कूल प्रबंधकों पर शिक्षकों को स्कूल बुलाने का आरोप लगा है। मामला गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन के मतदान दिवस, 23 अक्टूबर का है। शिक्षकों का कहना है कि अवकाश घोषित होने के बावजूद उन्हें स्कूल आने के लिए कहा गया, जिससे मतदान करने को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई।
बच्चों की छुट्टी, फिर भी शिक्षकों को स्कूल बुलाने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, जिलाधिकारी दीपक मीणा की ओर से मतदान के मद्देनजर सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में विशेष अवकाश घोषित किए जाने की बात कही गई थी। इसका उद्देश्य शिक्षक मतदाताओं को वोट डालने का अवसर देना था। इसके बावजूद सिविल लाइंस, ग्रीन सिटी, राजेंद्र नगर और मेडिकल कॉलेज रोड क्षेत्र के कुछ स्कूलों में शिक्षकों को बुलाए जाने की सूचना सामने आई है। आरोप है कि बच्चों की छुट्टी कर दी गई, लेकिन शिक्षकों को स्कूल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए।
प्रबंधकों के फैसले से शिक्षक नाराज, मतदान को लेकर असमंजस
नाम न छापने की शर्त पर कुछ शिक्षकों ने बताया कि अवकाश घोषित होने के बावजूद उन्हें स्कूल बुलाया गया। आरोप है कि कुछ प्रबंधकों ने स्कूल का काम पूरा करने के बाद मतदान के लिए जाने की बात कही। इससे शिक्षकों और प्रबंधन के बीच बहस की स्थिति भी बनी। शिक्षकों का सवाल है कि जब मतदान के लिए विशेष अवकाश घोषित किया गया था, तो उन्हें स्कूल बुलाने की जरूरत क्यों पड़ी?
प्रशासनिक आदेश के पालन पर उठे सवाल
इस मामले ने विद्यालयों में अवकाश संबंधी आदेशों के अनुपालन को लेकर सवाल खड़े किए हैं। यदि संबंधित स्कूलों पर प्रशासन का आदेश लागू था, तो उसका पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। हालांकि, फिलहाल संबंधित विद्यालयों के प्रबंधकों का पक्ष और प्रशासन की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि प्रशासन शिकायतों का संज्ञान लेकर जांच कराता है या नहीं।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: 3 लाख रुपये लेकर 12 मिनट किया परफॉर्म? अंजली अरोड़ा पर कानपुर में गंभीर आरोप


