गोरखपुर: कुत्ता भौंकता रहा और चोर घर खंगालते रहे, CCTV में कैद हुई पूरी करतूत
गोरखपुर के रामगढ़ताल क्षेत्र में परिवार के अंतिम संस्कार में जाने के दौरान बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की गई। वारदात CCTV में कैद हुई, पुलिस फुटेज से चोरों की तलाश कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः गोरखपुर के रामगढ़ताल क्षेत्र में एक परिवार अंतिम संस्कार में शामिल होने पैतृक गांव गया तो पीछे से चोरों ने बंद मकान पर धावा बोल दिया। ताला तोड़कर घर में घुसे आरोपित नकदी और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। खास बात यह रही कि चोरी के दौरान बाहर कुत्ता लगातार भौंकता रहा, लेकिन चोर बेखौफ होकर घर खंगालते रहे। पूरी घटना सीसी कैमरे में कैद हो गई है।
अंतिम संस्कार में गया था परिवार, पीछे से टूट पड़ा संकट
फुलवरिया निवासी इंद्रमोहन सिंह के पिता का निधन हुआ था। इसके बाद वह परिवार के साथ संतकबीर नगर के धनघटा थाना क्षेत्र स्थित पैतृक गांव बरपरवा अंतिम संस्कार में शामिल होने चले गए। घर पर ताला लगा हुआ था।
इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया। आरोपितों ने ताला तोड़ा और घर के भीतर दाखिल होकर कमरों की तलाशी ली। चोरी के बाद वे सामान लेकर मौके से फरार हो गए।
कुत्ता भौंकता रहा, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
चोरी के दौरान घर के बाहर कुत्ता लगातार भौंकता रहा, लेकिन चोरों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। वे काफी देर तक मकान के अंदर सामान तलाशते रहे। इस दौरान उनकी गतिविधियां घर में लगे सीसी कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं।
परिवार जब वापस लौटा तो मकान का टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसी कैमरे की फुटेज अपने कब्जे में ली। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।
चोरी हुए नकदी और अन्य कीमती सामान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और क्या आरोपितों ने पहले से घर की रेकी की थी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय , गोरखपुर
यह भी पढ़ें: WhatsApp मैसेज से खुली तत्काल टिकट की कथित दलाली, RPF ने एक आरोपी को दबोचा



