फातिमा इंस्टीट्यूट में नए सत्र की शानदार शुरुआत, विद्यार्थियों को सफलता का दिया खास मंत्र
गोरखपुर के फातिमा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ फ्रेशर्स ओरिएंटेशन के साथ हुआ। विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन, संवेदनशीलता और पेशेवर उत्कृष्टता का संदेश दिया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर स्थित फातिमा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत उत्साह और प्रेरणा के माहौल में हुई। कॉलेज ऑफ नर्सिंग ऑडिटोरियम में आयोजित फ्रेशर्स ओरिएंटेशन कार्यक्रम में बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, एएनएम और डीएमएलटी के नवप्रवेशित विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवा के मूल्यों से परिचित कराना रहा।
विद्यार्थियों को सेवा, संवेदनशीलता और अनुशासन का संदेश
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और प्रार्थना के साथ हुआ। संस्थान के निदेशक डॉ. संतोष सेबेस्टियन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता केवल शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि ईमानदारी, अनुशासन, सेवा भावना और मानवीय संवेदनाओं से भी तय होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता के त्याग और विश्वास का सम्मान करते हुए अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक कुशल स्वास्थ्यकर्मी बनने के लिए ज्ञान के साथ करुणा और मानवीय मूल्यों का होना भी जरूरी है।
प्रशिक्षण व्यवस्था और आधुनिक सुविधाओं से कराया परिचय
फातिमा अस्पताल के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. शिजो ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, क्लीनिकल ट्रेनिंग, परीक्षा प्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने समय की पाबंदी, नियमित उपस्थिति और नैतिक आचरण को पेशेवर सफलता का आधार बताया। संस्थान के अनुसार, वर्ष 1995 से संचालित फातिमा अस्पताल प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY), ईसीएचएस, पूर्वोत्तर रेलवे, ईएसआई, एनटीपीसी और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण सहित कई संस्थाओं से संबद्ध है। यहां 24 घंटे इमरजेंसी सेवा, ब्लड बैंक, सीटी स्कैन, फार्मेसी और एम्बुलेंस जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: कांवड़ यात्रा से पहले बदायूं प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने अटैना घाट का लिया जायजा



