सावन से पहले GRP अलर्ट! कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए गोरखपुर डिवीजन में बड़े इंतजाम

सावन 2026 और कांवड़ यात्रा को लेकर गोरखपुर जीआरपी ने गोरखपुर, गोंडा, मऊ और वाराणसी डिवीजन की सभी चौकियों को अलर्ट किया। यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सावन माह और कांवड़ यात्रा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। रेलवे पुलिस (GRP) ने गोरखपुर डिवीजन के अंतर्गत आने वाले गोरखपुर, गोंडा, मऊ और वाराणसी के सभी जीआरपी थानों और चौकियों को अलर्ट कर दिया है। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उनके साथ सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।

भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर बढ़ाई जाएगी निगरानी

30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलने वाले सावन माह में बड़ी संख्या में शिवभक्त विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा करेंगे। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी कांवड़ यात्री को असुविधा न हो और यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रहे।

GRP और RPF संयुक्त रूप से संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था

पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए पहले से व्यापक तैयारियां की गई हैं। गोरखपुर डिवीजन के सभी संबंधित थानों और चौकियों को अलर्ट कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जहां अधिक भीड़ होगी, वहां GRP और RPF संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे तथा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

यात्रियों से सहयोग की अपील

रेलवे पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी की गुत्थी सुलझी? आरोपी ने उगले कई राज

Related Articles

Back to top button