जीटी का प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय

- ऑरेंज कैपपर हेनरिक क्लासेन और पर्पल कैप पर भुवनेश्वर कुमार का दबदबा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। आईपीएल में अहमदाबाद में जीटी और एसआरएच के बीच खेला गया। यह मुकाबला अंकतालिका में पहला स्थान हासिल करने के लिए था और जीटी ने इसमें बाजी मार ली। जीटी एसआरएच को 82 रन से हराकर अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई। जीटी की यह लगातार पांचवीं जीत है। गुजरात टाइटंस 12 मैचों से 16 अंक लेकर पहले, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 11 मैचों से 14 अंक लेकर दूसरे, सनराइजर्स हैदराबाद 12 मैचों से 14 अंक लेकर तीसरे, पंजाब किंग्स 11 मैचों से 13 अंक लेकर चौथे और चेन्नई सुपर किंग्स 11 मैचों से 12 अंक लेकर पांचवें स्थान पर है।
सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन 12 मैचों में 508 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर हैं और ऑरेंज कैप उन्हीं के पास है। भुवनेश्वर कुमार के पास पर्पल कैप है। भुवनेश्वर ने 11 मैचों में 21 विकेट लिए हैं।
गुजरात ने जीत के साथ आईपीएल 2026 प्लेऑफ में एक पैर रख दिया है। 16 अंक आमतौर पर प्लेऑफ में पहुंचने का सुरक्षित आंकड़ा माना जाता है। मुकाबले के बाद आधिकारिक ब्रॉडकास्टर्स के अनुसार गुजरात के क्वालिफाई करने की संभावना बढक़र 94.9 प्रतिशत हो गई है। मैच से पहले सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना 80 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 65.7 प्रतिशत रह गई है। वहीं आरसीबी को भी हल्का झटका लगा है। टीम की क्वालिफिकेशन संभावना 80.1 प्रतिशत से घटकर 79.7 प्रतिशत हो गई है। चौथे स्थान पर मौजूद पंजाब किंग्स की संभावना 62.5 प्रतिशत से बढक़र 62.7 प्रतिशत हो गई है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स की उम्मीदें भी अभी बरकरार हैं। टीम की प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना 42.7 प्रतिशत से बढक़र 42.8 प्रतिशत हो गई है।
आईपीएल में रनों के लिहाज से जीटी की सबसे बड़ी जीत
अहमदाबाद। कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रनों के बड़े अंतर से हराया। गुजरात की आईपीएल में रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम ने इसी सीजन में राजस्थान रॉयल्स को 77 रनों से हराया था। इस जीत के साथ ही गुजरात की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है और उसने प्लेऑफ के लिए अपना दावा बेहद मजबूत कर लिया है। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 168 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 14.5 ओवर में 86 रन पर ही ऑलआउट हो गई। हैदराबाद का आईपीएल में यह न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले, 2019 में टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ 96 रन पर ढेर हुई थी।



