पहली जीत की तलाश में उतरेगी गुजरात

  • अहमदाबाद में राजस्थान से टक्कर आज

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
अहमदाबाद। आईपीएल 2026 में शनिवार को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जा रही इस पिच पर एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद की जा रही है। राजस्थान रॉयल्स की नजरें एक बार फिर अपने युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी पर होंगी, जिन्होंने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जडक़र सभी का ध्यान खींचा था। 15 वर्षीय यह बल्लेबाज आक्रामक अंदाज में खेलते हुए गुजरात के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण को चुनौती देने के लिए तैयार है।
गुजरात टाइटंस के पास कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे तेज गेंदबाज हैं, जो किसी भी बल्लेबाजी क्रम को मुश्किल में डाल सकते हैं। हालांकि पिछले मैच में कप्तान शुभमन गिल की रणनीति पर सवाल उठे थे, ऐसे में इस मुकाबले में उनसे बेहतर निर्णयों की उम्मीद होगी। बल्लेबाजी की बात करें तो गुजरात टाइटंस काफी हद तक अपने शीर्ष क्रम पर निर्भर नजर आती है। शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर को बड़ी पारियां खेलनी होंगी, क्योंकि मध्यक्रम में शाहरुख खान, वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया अब तक खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स की टीम संतुलित दिखती है। जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर जैसे तेज गेंदबाज शुरुआती ओवरों में गुजरात के बल्लेबाजों को दबाव में लाने की कोशिश करेंगे। हालांकि टीम की कप्तानी रियान पराग को सौंपे जाने के फैसले पर अब भी सवाल उठ रहे हैं। मैच की स्थिति को देखते हुए टॉस अहम भूमिका निभा सकता है। इस मैदान पर टीमें लक्ष्य का पीछा करना पसंद कर रही हैं। अगर गुजरात पहले बल्लेबाजी करती है तो उसे 200 से अधिक का स्कोर बनाना होगा, जबकि लक्ष्य का पीछा करते समय उसे राजस्थान को बड़े स्कोर से रोकना जरूरी होगा।

पंजाब ने चेन्नई को हराकर दर्ज की दूसरी जीत

चेन्नई। पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को पांच विकेट से हराकर लगातार आईपीएल 2026 का दूसरा मुकाबला जीत लिया। वहीं, सीएसके लगातार दूसरे मैच में हार गई। शुक्रवार को चेपॉक में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई ने आयुष म्हात्रे (73) और शिवम दुबे (45*) की दमदार पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 209 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 18.4 ओवर में पांच विकेट पर 210 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। आईपीएल इतिहास में यह पंजाब किंग्स का दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा। इससे पहले टीम ने पिछले साल केकेआर के खिलाफ 262 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल किया था। वहीं, चेन्नई 2022 के बाद लगातार दूसरा ओपनिंग मैच हारी है।

Related Articles

Back to top button