कांवड़ यात्रा से पहले स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 24 घंटे एम्बुलेंस और मेडिकल टीम तैनात
लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में सावन मेला 2026 को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। सीएमओ ने स्वास्थ्य शिविरों, 108 एम्बुलेंस और चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सावन मेले और कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ उनकी स्वास्थ्य सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ (छोटी काशी) में स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। इन्हीं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने सावन के प्रथम सोमवार को औचक निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सक और दवाएं मिलीं उपलब्ध
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने शिव मंदिर परिसर, रिलायंस पेट्रोल पंप चेक पोस्ट और कंजा मंदिर/आश्रम में स्थापित स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण किया। उनके साथ सावन मेले के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद वर्मा भी मौजूद रहे। सभी शिविरों में रोस्टर के अनुसार चिकित्सक, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात मिले। साथ ही जीवनरक्षक दवाएं, ओआरएस पैकेट और आकस्मिक चिकित्सा उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाए गए।
24 घंटे एम्बुलेंस सेवा और त्वरित चिकित्सा पर जोर
स्वास्थ्य विभाग ने मेले के दौरान प्रमुख स्थानों पर 24 घंटे चिकित्सा दल और 108 एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की है। नीलकंठ मैदान, रिलायंस पेट्रोल पंप और कंजा चौक पर आपातकालीन सेवाएं लगातार उपलब्ध रहेंगी। सीएमओ ने एम्बुलेंसों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। विभाग का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और स्वास्थ्य संबंधी बेहतर सुविधाओं के साथ धार्मिक यात्रा का अनुभव मिले।
रिपोर्ट- प्रभाकर श्रीवास्तव, लखीमपुर खीरी
यह भी पढ़ें: MJPRU दीक्षांत 2026: 82 गोल्ड मेडल में 69 छात्राओं का दबदबा, राज्यपाल ने ऑनलाइन दी बधाई



