एमएमएमयूटी में पूरा हुआ एचपीवी टीकाकरण अभियान, 72 छात्राओं और बालिकाओं को मिला सर्वावैक टीका
गोरखपुर के एमएमएमयूटी में दो दिवसीय एचपीवी टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ। अभियान के तहत 72 छात्राओं और बालिकाओं को सर्वावैक वैक्सीन लगाई गई। उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर से बचाव और जागरूकता बढ़ाना है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम और महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में आयोजित दो दिवसीय सर्वावैक (एचपीवी) टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। अभियान के दूसरे और अंतिम दिन 27 छात्राओं एवं बालिकाओं को टीका लगाया गया। दोनों दिनों को मिलाकर कुल 72 लाभार्थियों का एचपीवी टीकाकरण किया गया।
दूसरे दिन 27 लाभार्थियों को लगाया गया टीका
शनिवार को आयोजित दूसरे चरण में विश्वविद्यालय की 16 छात्राओं और गोद लिए गए रामलखना गांव की 11 बालिकाओं सहित कुल 27 लाभार्थियों को सर्वावैक (एचपीवी) वैक्सीन दी गई। अभियान का उद्देश्य एचपीवी संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
राज्यपाल की प्रेरणा में आयोजित हुआ अभियान
यह स्वास्थ्य अभियान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा तथा कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अभियान का संचालन महिला कल्याण एवं उत्पीड़न विरोधी प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ. मीनू, चिकित्सा अधिकारी डॉ. रीना बंका और सदस्य सचिव डॉ. प्रियंका राय ने किया।
72 लाभार्थियों को मिला टीकाकरण का लाभ
दो दिवसीय अभियान में एमएमएमयूटी की 61 छात्राओं और रामलखना गांव की 11 बालिकाओं सहित कुल 72 लाभार्थियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी महिला स्वास्थ्य, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और जनजागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: सीतापुर में चोरों का आतंक! घर का ताला तोड़कर 10 लाख के जेवर और नकदी ले उड़े



