गर्मी में हेल्दी रहना है तो डाइट में शामिल करें सत्तू की ये डिशेज

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडा और एनर्जी से भरपूर रखना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में सत्तू एक ऐसा देसी सुपरफूड है, जो स्वाद के साथ सेहत का भी पूरा ध्यान रखता है। बिहार, यूपी और झारखंड जैसे राज्यों में सत्तू का सेवन वर्षों से किया जाता रहा है। इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कैल्शियम पाया जाता है, जो शरीर को लंबे समय तक एनर्जेटिक बनाए रखने में मदद करता है। खास बात यह है कि सत्तू न सिर्फ शरीर को ठंडक देता है, बल्कि पाचन को भी बेहतर बनाता है। अगर आप गर्मियों में हल्का, हेल्दी और टेस्टी भोजन करना चाहते हैं, तो सत्तू से बनी रेसिपीज आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं।

सत्तू पराठा

सत्तू पराठा बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की बेहद पसंद की जाने वाली डिश है। इसकी स्टफिंग तैयार करने के लिए सत्तू में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक, अचार का मसाला, धनिया पत्ती और मसाले मिलाए जाते हैं। इसके बाद इसे आटे में भरकर पराठा बनाया जाता है। घी या मक्खन के साथ खाया जाने वाला यह पराठा स्वादिष्ट होने के साथ काफी पौष्टिक भी होता है। इसमें मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती।

सत्तू चीला

सुबह का नाश्ता दिन का सबसे जरूरी मील माना जाता है। लेकिन कई बार जल्दबाजी में लोग सुबह नाश्ता बनाने के लिए समय नहीं निकाल पाते। तो अगर आप हेल्दी और हाई-प्रोटीन ब्रेकफास्ट चाहते हैं तो सत्तू चीला एक बेहतरीन विकल्प है। सत्तू यानी भुने चने का आटा प्रोटीन, फाइबर, आयरन, मैंगनीज और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसे बनाने के लिए सत्तू में प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, धनिया और मसाले मिलाकर घोल तैयार किया जाता है। फिर तवे पर हल्का तेल डालकर चीले की तरह पकाया जाता है। यह डिश वजन कम करने वाले लोगों और फिटनेस पसंद लोगों के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है। सत्तू चीला स्वादिष्ट होने के साथ पचने में भी हल्का होता है।

सत्तू का शरबत

सत्तू का शरबत गर्मियों में शरीर को ठंडक देने वाला सबसे लोकप्रिय देसी ड्रिंक माना जाता है। इसे बनाने के लिए सत्तू में ठंडा पानी, नींबू का रस, काला नमक, भुना जीरा और थोड़ा हरा धनिया मिलाया जाता है। कुछ लोग स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें हरी मिर्च और प्याज भी डालते हैं। यह ड्रिंक शरीर को तुरंत एनर्जी देने के साथ डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करता है। तेज धूप और लू के मौसम में सत्तू का शरबत शरीर को हाइड्रेट रखता है और पेट को भी ठंडक पहुंचाता है।

सत्तू लड्डू

सत्तू के लड्डू स्वाद और सेहत का बेहतरीन कॉम्बिनेशन हैं। इन्हें बनाने के लिए सत्तू में देसी घी, गुड़, ड्राई फ्रूट्स और इलायची मिलाई जाती है। यह लड्डू शरीर को तुरंत एनर्जी देने का काम करते हैं। खासकर बच्चों और कमजोर लोगों के लिए यह काफी फायदेमंद माने जाते हैं। गर्मियों में कम थकान महसूस करने और शरीर को ताकत देने के लिए सत्तू लड्डू एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। जो हमारे शरीर को काफी फायदेमंद होता है।

लिट्टी-चोखा

लिट्टी-चोखा बिहार की पारंपरिक और सबसे प्रसिद्ध डिशों में से एक है। गेहूं के आटे की गोल लिट्टी के अंदर मसालेदार सत्तू भरा जाता है और फिर इसे धीमी आंच पर सेंका जाता है। इसे बैंगन, आलू और टमाटर के चोखे के साथ परोसा जाता है। ऊपर से देसी घी डालने पर इसका स्वाद और भी शानदार हो जाता है। यह डिश स्वाद के साथ-साथ पोषण से भी भरपूर होती है और लंबे समय तक पेट भरा रखती है।

Related Articles

Back to top button