कांवड़ यात्रा में छेड़छाड़ पर होगी तत्काल कार्रवाई, मिशन शक्ति केंद्रों से मिलेगी 24×7 मदद
कांवड़ यात्रा 2026 में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बरेली रेंज पुलिस ने 49 मिशन शक्ति सहायता केंद्र शुरू किए हैं। यहां 24x7 महिला पुलिस, हेल्पलाइन सहायता, गुमशुदा लोगों की मदद और साइबर जागरूकता जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बरेली रेंज पुलिस ने विशेष पहल की है। भीड़भाड़ वाले कांवड़ मार्गों पर महिलाओं को त्वरित सहायता, सुरक्षा और पुलिस सहयोग उपलब्ध कराने के लिए ‘मिशन शक्ति सहायता केंद्र’ स्थापित किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना है।
चार जिलों में शुरू हुए 49 सहायता केंद्र
बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी के अनुसार, फिलहाल बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत में कुल 49 मिशन शक्ति सहायता केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनमें बरेली में 20, बदायूं में 9, शाहजहांपुर में 12 और पीलीभीत में 8 केंद्र सक्रिय हैं। पुलिस का लक्ष्य जल्द ही इनकी संख्या बढ़ाकर 82 करना है, ताकि पूरे कांवड़ मार्ग पर महिला श्रद्धालुओं को समय पर सहायता मिल सके।
24 घंटे महिला पुलिस, हेल्पलाइन और जागरूकता अभियान
सभी मिशन शक्ति सहायता केंद्रों पर 24 घंटे महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। छेड़छाड़, अभद्रता या किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर तत्काल पुलिस कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा गुमशुदा महिलाओं और बच्चों को परिजनों से मिलाने, चिकित्सा सहायता, विश्राम स्थल की जानकारी तथा साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, 1090 और 181 की जानकारी भी श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही है। डीआईजी ने कहा कि महिला सुरक्षा और निर्बाध कांवड़ यात्रा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में माइक्रो फाइनेंस कंपनी में लाखों का गबन! किश्त की रकम लेकर कर्मचारी फरार



