टी20 की हार का वनडे में हिसाब चुकाएगा भारत!

- रोहित-कोहली और बुमराह की वापसी से पलटवार की आस इंग्लैंड से बदला लेने का मौका
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
साउथैम्पटन। टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के कुछ ही महीने बाद भारतीय टीम का टी20 में दबदबा पूरी तरह बिखरता नजर आया है। पहले आयरलैंड ने 2-0 से सफाया किया और अब इंग्लैंड ने 4-0 से अपने नाम कर ली। लगातार दूसरी टी20 सीरीज हारने के बाद अब भारतीय टीम के सामने वनडे सीरीज में वापसी की बड़ी चुनौती है। हालांकि इस बार टीम इंडिया की तस्वीर पूरी तरह अलग होगी, क्योंकि उसकी सबसे बड़ी ताकत रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी होने जा रही है।
दोनों दिग्गज टी20 और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज भारतीय टीम के लिए सिर्फ एक और सीरीज नहीं, बल्कि टी20 की करारी हार का जवाब देने का सबसे बड़ा मौका होगी। इंग्लैंड जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में इन दोनों खिलाडिय़ों का अनुभव टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित हो सकता है। रोहित शर्मा नई गेंद का सामना करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत देने की जिम्मेदारी निभाएंगे। दूसरी ओर विराट कोहली लक्ष्य का पीछा करना हो या मुश्किल हालात में पारी संभालनी हो, कोहली का रिकॉर्ड और अनुभव टीम इंडिया के आत्मविश्वास को नई मजबूती देगा। वहीं जसप्रीत बुमराह की वापसी भी भारतीय टीम के लिए बड़ी राहत है। बुमराह के आने से नई गेंद और डेथ ओवर दोनों में भारत को मजबूती मिलेगी।
हर्षित इंग्लैंड से वनडे और वरुण जिम्बाब्वे से टी20 सीरीज से बाहर
नई दिल्ली। बीसीसीआई ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में बदलाव किया है। हर्षित राणा इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। वहीं, स्पिनर वरुण चक्रवर्ती जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। हर्षित की जगह जगह प्रिंस यादव को वनडे और वरुण के स्थान पर रवि बिश्नोई को टी20 टीम में शामिल किया है। हर्षित और वरुण इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे। बीसीसीआई ने कहा, हर्षित तीसरे मैच के दौरान हैम्स्ट्रिंग चोट का शिकार हुए थे। वहीं, वरुण को तीसरे टी20 के दौरान चोट लगी थी। उनका एमआरआई किया गया जिसमें ग्रेड 2 की हैम्स्ट्रिंग चोट का पता चला है। वह भी बीसीसीआई सीओई में रिपोर्ट करेंगे।



