मिड-डे मील में निकला कीड़ा! बच्चों ने खाना खाने से किया इंकार, स्कूल में मचा हड़कंप

सीतापुर के खानपुर सादात प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील में कीड़ा मिलने का आरोप लगा। बच्चों ने भोजन करने से इंकार कर दिया। अभिभावकों और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  सरकारी स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मिड-डे मील योजना एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सीतापुर के लहरपुर तहसील क्षेत्र स्थित खानपुर सादात प्राथमिक विद्यालय में परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने का आरोप सामने आया है। घटना के बाद बच्चों ने भोजन करने से इंकार कर दिया, जिससे विद्यालय में हड़कंप मच गया।

बच्चों ने शिक्षक को बताई पूरी बात

बताया जा रहा है कि भोजन परोसने के दौरान कुछ बच्चों ने खाने में कीड़ा होने की शिकायत की। इसके बाद उन्होंने भोजन खाने से मना कर दिया और इसकी जानकारी विद्यालय के शिक्षकों को दी। मामला जल्द ही अभिभावकों और ग्रामीणों तक पहुंच गया, जिससे नाराजगी का माहौल बन गया।

अभिभावकों और ग्रामीणों ने उठाई जांच की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद अभिभावकों ने भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मिड-डे मील की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

मिड-डे मील योजना की गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल

यह घटना एक बार फिर सरकारी विद्यालयों में मिड-डे मील की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। फिलहाल संबंधित अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की उम्मीद जताई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में कीड़ा मिलने का आरोप सही था या नहीं।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: गरीबों का हक छीना जा रहा है? कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण, आवासीय पट्टों पर उठाए गंभीर सवाल

Related Articles

Back to top button