जो रूट ने इंग्लैंड को दिलाई शानदार जीत

- कोहली-अय्यर के अर्धशतक पड़े फीके, सीरीज 1-1 की बराबरी पर
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कार्डिफ। जो रूट की शानदार नाबाद 99 रन की पारी के दम पर इंग्लैंड ने गुरुवार को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए दूसरे वनडे में भारत को चार विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 से बराबर हो गई। अब सीरीज का फैसला रविवार को लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम मुकाबले में होगा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 44 ओवर में 233 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड ने 44.1 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
234 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जसप्रीत बुमराह ने बेन डकेट को जल्दी आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने जैकब बेथल को चलता किया। हैरी ब्रूक भी सिर्फ 16 रन बनाकर गुरनूर बराड़ का शिकार बने। एक समय इंग्लैंड का स्कोर 125/5 था, लेकिन जो रूट ने विल जैक्स (30) के साथ छठे विकेट के लिए 72 रन की अहम साझेदारी की और टीम को जीत तक पहुंचाया। रूट ने 133 गेंदों में नाबाद 99 रन बनाए। गस एटकिंसन ने विजयी चौका लगाकर मैच खत्म कर दिया।
इससे पहले भारत की ओर से कोहली ने 65 रन वहीं श्रेयस अय्यर ने 66 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच 67 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, लेकिन उनके आउट होने के बाद भारतीय मध्यक्रम पूरी तरह बिखर गया। निचले क्रम में वॉशिंगटन सुंदर (2), अक्षर पटेल (1) और शिवम दुबे (0) कोई योगदान नहीं दे सके। भारत ने 26 गेंदों के भीतर 15 रन के अंतराल पर चार विकेट गंवा दिए, जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।
क्या लॉर्ड्स वनडे होगा रोहित का आखिरी मैच?
इंग्लैंड के खिलाफ कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे मैच के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के संन्यास की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का अंतरराष्ट्रीय करियर अब अंतिम दौर में पहुंचता दिख रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को लॉर्ड्स में खेला जाने वाला तीसरा वनडे रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है। भारतीय चयन समिति मौजूदा इंग्लैंड दौरे के बाद उन्हें वनडे टीम में आगे मौका देने के पक्ष में नहीं दिख रही है, जिसका मतलब है कि वह अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की योजनाओं का हिस्सा नहीं होंगे। रोहित शर्मा का हालिया वनडे प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। पिछले आठ वनडे मैचों में उन्होंने 241 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 30.1 और स्ट्राइक रेट 88.6 रहा है, जबकि उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला है। कार्डिफ वनडे में भी वह लय के लिए संघर्ष करते दिखे और 47 गेंदों में 26 रन बनाकर विल जैक्स का शिकार बने।



