सजेती में टेसू-झांझिया कार्यक्रम के दौरान गोली लगने से बुजुर्ग की मौत, पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप
कानपुर के सजेती क्षेत्र के मकरंदपुर गांव में टेसू-झांझिया कार्यक्रम के दौरान गोली लगने से सुवालाल निषाद की मौत हो गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है, पुलिस जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर में त्योहार की खुशियों के बीच अचानक चली गोली ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। सजेती थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव में टेसू-झांझिया कार्यक्रम के दौरान गोली लगने से बुजुर्ग सुवालाल निषाद की मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही दो लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
टेसू-झांझिया कार्यक्रम के दौरान चली गोली, गांव में मची अफरा-तफरी
घटना मकरंदपुर गांव में काली माई मंदिर के पास की बताई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान अचानक गोली चलने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से सुवालाल निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुरानी रंजिश में गोली मारने का आरोप, हर्ष फायरिंग की भी चर्चा
परिजनों ने गांव के गुड्डू सिंह और अन्नू सिंह पर पुरानी रंजिश के चलते सुवालाल को गोली मारने का आरोप लगाया है। घटना के दौरान हर्ष फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि गोली बुजुर्ग के सीने में लगी थी। हालांकि, गोली किस परिस्थिति में चली और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच में जुटी टीम
घटना की सूचना पर सजेती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस परिजनों के आरोपों, हथियार के इस्तेमाल और गोली चलने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत के मुताबिक, मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर
यह भी पढ़ें: बरेली के सुभाषनगर में पुलिस की कार्रवाई, हत्या केस में चार आरोपी पकड़े गए



