पहली जीत की तलाश में उतरेंगी कोलकाता-हैदराबाद

- इस सीजन का अपना पहला मैच गंवा चुकी हैं दोनों टीमें
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच आज आईपीएल का छठा मैच खेला जाना है। दोनों ही टीमें इस सीजन का अपना पहला मैच गंवा चुकी हैं। ऐसे में इनका लक्ष्य जीत का खाता खोलना होगा। केकेआर की टीम 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबला छह विकेट से गंवा बैठी थी, जबकि एसआरएच को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ इतने ही विकेट के अंतर से मैच गंवाना पड़ा था।
केकेआर की टीम इस मुकाबले के साथ अपनी गेंदबाजी की मुख्य समस्याओं को सुलझाने की कोशिश करेगी, खासकर स्पिन गेंदबाजी के मामले में। केकेआर के लिए, यह मैच घरेलू मैदान पर होने वाले अहम मुकाबलों की शुरुआत है। ईडन गार्डन्स में केकेआर का रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है, जिन्होंने इस मैदान पर खेले गए अपने 95 मुकाबलों में से 54 में जीत हासिल की है, लेकिन इस सीजन की शुरुआत उनके लिए थोड़ी डगमगाती हुई रही है। वहीं, अपने पहले मैच गंवाने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद भी इसी तरह की समस्याओं का सामना कर रही है। हालांकि, उनके पास अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और ट्रैविस हेड के रूप में एक मजबूत टॉप ऑर्डर है, लेकिन उनकी गेंदबाजी यूनिट 200 से ज्यादा के स्कोर का बचाव करने में मुश्किल महसूस कर रही है। फिटनेस से जुड़ी समस्याओं के कारण पैट कमिंस की अनुपस्थिति ने उनकी टीम को और भी कमजोर कर दिया है।
लखनऊ पर जीत के साथ दिल्ली का शानदार आगाज
लखनऊ। लुंगी एनगिडी और टी नटराजन की घातक गेंदबाजी के बाद समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को छह विकेट से हराकर आईपीएल 2026 की अपनी पहली जीत दर्ज की। इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने 18.4 ओवर में 10 विकेट पर 141 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 17.1 ओवर में चार विकेट पर 145 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। 142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली ने 26 के स्कोर तक अपने चार विकेट खो दिए थे। यहां से समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 76 गेंदों में 119 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 17 गेंदें शेष रहते जीत दिला दी। इससे पहले लखनऊ की टीम ने 71 के स्कोर तक अपना पांचवां विकेट खो दिया था। यहां से अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ 34 रन और शाहबाज अहमद के साथ 33 रन की साझेदारी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।



