घर में 5 मैचों बाद लखनऊ की पहली जीत

  • मिचेल मार्श के बाद प्रिंस और शाहबाज चमके, आरसीबी को 9 रन से हराया

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। लखनऊ सुपर जाएंट्स ने गुरुवार को खेले गए आईपीएल मुकाबले में आरसीबी को नौ रन से हरा दिया। इकाना स्टेडियम में बारिश से प्रभावित इस मुकाबले को 19-19 ओवर का किया गया। डकवर्थ-लुईस डीएलएस नियम के तहत आरसीबी को 213 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, लेकिन टीम 19 ओवर में छह विकेट पर 203 रन ही बना सकी। एलएसजी की यह मौजूदा सीजन में तीसरी जीत रही, जबकि आरसीबी को चौथी हार झेलनी पड़ी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही।
दो विकेट महज नौ रन पर गिरने के बाद पाटीदार और देवदत्त ने तीसरे विकेट के लिए 95 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। हालांकि, इसके बाद आरसीबी लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। हलांकि निचले क्रम में टिम डेविड और क्रूणाल पांड्या ने अच्छी पारियां खेलीं। इसके बावजूद आरसीबी लक्ष्य से नौ रन दूर रह गई। प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट झटके। इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए एलएसजी ने निर्धारित 19 ओवर में तीन विकेट खोकर 209 रन बनाए। मिचेल मार्श ने 111 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने कुलकर्णी के साथ पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। इसके बाद निकोलस पूरन ने 38 रन की तेज पारी खेली और मार्श के साथ दूसरे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की। अंतिम ओवरों में कप्तान पंत ने 10 गेंदों में नाबाद 32 रन ठोककर टीम को 200 के पार पहुंचाया। आरसीबी की ओर से जोश हेजलवुड, क्रूणाल पांड्या और रसिख सलाम को एक-एक विकेट मिला।

क्रिकेटर्स से मिल रहे संदिग्ध लोग, एसीएसयू ने जताई चिंता

मुंबई। आईपीएल की भ्रष्टाचार रोधी और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) ने मौजूदा सत्र के दौरान टीम डगआउट, बसों, होटलों और खिलाडिय़ों एवं मैच अधिकारियों के क्षेत्र में बिना इजाजत लोगों की मौजूदगी पर चिंता जताई है जिसके बाद बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजी के लिए अपने मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) को और सख्त कर दिया है। अनजान लोगों के प्रतिबंधित स्थानों पर मौजूद रहने की वजह से स्पॉट फिक्सिंग का खतरा भी बढ़ गया है। आईपीएल के अध्यक्ष अरुण धूमल ने इस बात की पुष्टि की कि एसीएसयू ने इस मामले पर बीसीसीआई को एक रिपोर्ट सौंपी है। भ्रष्टाचार रोधी इकाई द्वारा बताई गई कमियों पर रोशनी डालते हुए धूमल ने कहा कि बोर्ड इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। एसीएसयू ने कुछ कमियों की ओर इशारा किया है और एक रिपोर्ट सौंपी है जिसमें बताया गया है कि आईपीएल मैचों के दौरान डगआउट, टीम बस और टीम होटल में बिना इजाजत लोग देखे गए हैं। यह संकेत देते हुए कि जल्द ही और भी सख्त नियम लागू किए जाएंगे, धूमल ने कहा कि फ्रेंचाइजियों को पहले से तय नियमों का पालन करने की याद दिलाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button