मथुरा-काशी में कारसेवा को लेकर महंत राजूदास का बड़ा बयान, कहा- ‘संघर्ष जारी रहेगा’
गोरखपुर में अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास ने मथुरा और काशी में मंदिर निर्माण को लेकर बड़ा बयान दिया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास ने मथुरा और काशी में मंदिर निर्माण को लेकर बड़ा बयान दिया है।
गोरखपुर पहुंचे महंत ने कहा कि अयोध्या के बाद अब काशी और मथुरा में मंदिर निर्माण की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया के साथ संवैधानिक तरीके से आंदोलन करने और जरूरत पड़ने पर कारसेवा करने की बात कही।
महंत राजूदास ने कहा कि मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और काशी में मंदिर निर्माण के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कोर्ट में मुकदमा अपनी जगह चलता रहेगा, लेकिन अपनी मांग को लेकर आंदोलन भी किया जाएगा। कारसेवा की तैयारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि जल्द ही इसकी शुरुआत की जाएगी।
अपने बयान में महंत ने कहा, “उस स्ट्रक्चर को ध्वस्त करेंगे, माई का लाल कोई रोक नहीं पाएगा।” उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में लाठी-डंडे भी खाने पड़ेंगे और संघर्ष के दौरान हर तरह की चुनौती का सामना किया जाएगा।
महंत ने कहा कि भारत राम और कृष्ण की भूमि है। उन्होंने बाबर और औरंगजेब जैसे आक्रमणकारियों के नाम से जुड़े ढांचों को स्वीकार नहीं करने की बात कही। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी और मथुरा में भी मंदिर निर्माण की उम्मीद जताई।
उन्होंने कहा कि जिस तरह अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ, उसी तरह काशी और मथुरा में भी मंदिर निर्माण का रास्ता निकलेगा। महंत ने यह भी कहा कि वह योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री बनाने के लिए प्रयासरत हैं।
महंत राजूदास के कारसेवा और ढांचा ध्वस्त करने संबंधी बयान के बाद काशी-मथुरा के धार्मिक स्थलों को लेकर बहस फिर तेज होने के आसार हैं। हालांकि, इन मामलों में न्यायिक प्रक्रिया भी जारी है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



