मराठा आरक्षण: इधर मुंबई जाने की तैयारी में मनोज जरांगे, उधर हल न निकले पर शख्स ने की आत्महत्या

महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण को लेकर तनाव जारी है. परभणी में एक शख्स ने मुद्दे का कोई हल न निकलने से निराश होकर आत्महत्या कर ली. वहीं मनोज जरांगे पाटिल आज मुंबई की ओर कूच करेंगे.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण को लेकर तनाव जारी है. परभणी में एक शख्स ने मुद्दे का कोई हल न निकलने से निराश होकर आत्महत्या कर ली. वहीं मनोज जरांगे पाटिल आज मुंबई की ओर कूच करेंगे.

महाराष्ट्र में इन दिनों मराठा आरक्षण का मुद्दा गरमाया हुआ है. मराठा आंदोलनकारी मनोज जरांगे पाटिल लगातार आरक्षण की मांग कर रहे हैं. इस बीच परभणी जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. पूर्णा तालुका के सुहागन गांव में एक शख्स ने आत्महत्या कर ली है. बताया जा रहा है कि वो मराठा आरक्षण के मुद्दे का कोई हल न निकलने से काफी निराश थे, जिसके बाद उन्होंने ये कदम उठाया.

जानकारी के मुताबिक मृतक शख्स का नाम गणेश साहेबराव भोसले था. वो परभणी जिले के सुहागन गांव का रहने वाले थे. पुलिस को उनके पास से एक चिट्ठी मिली है. पुलिस के मुताबिक, चिट्ठी में मराठा आरक्षण का मुद्दा अब तक हल नहीं होने का जिक्र किया गया है.

गणेश भोसले ने की आत्महत्या
दरअसल मनोज जरांगे पाटिल के नेतृत्व में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन लगातार जारी है. इसी बीच सरकार की तरफ से आरक्षण के मुद्दे पर ठोस फैसला नहीं होने को लेकर गणेश भोसले चिंतित थे. रविवार (13 सितंबर) को उन्होंने अपने खेत में आखाड़े के पास एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली.

मृतक के पास मिला सुसाइड नोट
इस घटना से चारों तरफ हड़कंप मच गया. मामले जानकारी मिलते ही पूर्णा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया. इसी दौरान गणेश भोसले की जेब से एक चिट्ठी बरामद हुई. पुलिस के अनुसार, चिट्ठी में मनोज जरांगे पाटील के अनशन पर होने के बावजूद मराठा आरक्षण का समाधान नहीं निकलने का जिक्र करते हुए आत्महत्या की बात कही गई है.

मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस
मामले में मृतक के बहनोई विनोद देवरे की शिकायत पर पूर्णा पुलिस थाने में घटना दर्ज की गई है. पुलिस निरीक्षक सचिन बेंद्रे के मार्गदर्शन में मामले की जांच चल रही है. गणेश भोसले अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं. सोमवार (14 सितंबर) को सुहागन गांव में गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया.

ग्रामीणों और मराठा समाज के लोगों में नाराजगी
इस घटना के बाद ग्रामीणों और मराठा समाज के लोगों में नाराजगी है. लोगों ने सवाल उठाया है कि मराठा आरक्षण का मुद्दा हल होने से पहले सरकार और कितनी जानें जाने देगी. गणेश भोसले की मौत के बाद क्षेत्र में शोक के साथ सरकार के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. इधर घटना के बाद ठाकरे गुट के विधायक राहुल पाटिल और शिंदे गुट के सांसद संजय जाधव ने भोसले परिवार से मुलाकात कर परिजनों को सांत्वना दी.

आज मुंबई जाएंगे मनोज जरांगे पाटील
इस बीच मनोज जरांगे पाटिल आज सुबह जालना जिले के अंतरवाली सराटी से मुंबई की ओर रवाना होंगे. उनकी भूख हड़ताल का आज 18वां दिन है. बताया जा रहा है कि जरांगे के साथ उनके कुछ समर्थक भी साथ होंगे. मुंबई आंदोलन की पृष्ठभूमि में जरांगे पाटिल के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा. जरांगे पाटिल की सुरक्षा और मुंबई की यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की व्यापक व्यवस्था की गई है.

भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात
बताया जा रहा है कि पुलिस बंदोबस्त में 3 उपविभागीय पुलिस अधिकारी, 10 पुलिस निरीक्षक, 30 पुलिस उपनिरीक्षक, 200 सहायक पुलिस उपनिरीक्षक, 490 पुलिसकर्मी, 265 होमगार्ड, 265 होमगार्ड और SRPF की 3 टुकड़ियां शामिल होंगी. मनोज जरांगे पाटील के मुंबई की ओर रवाना होने के दौरान किसी तरह का आंदोलन, रास्ता रोको या अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने एहतियाती इंतजाम किए हैं.जरांगे के साथ इतना बड़ा पुलिस बंदोबस्त उनकी मुंबई यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखेगा.

बताया जा रहा है कि मुंबई पुलिस ने एक बार फिर मनोज जरांगे के मुंबई में विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. रविवार को अनुमति न मिलने के बाद मनोज जरांगे की ओर से तीसरी बार आवेदन दाखिल किया गया है. आवेदन के अनुसार, 50 लोगों को विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अनुमति मांगी गई है. आवेदन में यह भी कहा गया है कि हम सभी नियमों और शर्तों को मानते हुए विरोध प्रदर्शन करेंगे. हम निर्धारित समय के भीतर विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे.

Related Articles

Back to top button