8-सीटर वैन में ठूंस दिए गए 19 से ज्यादा बच्चे? कानपुर देहात हादसे ने उठाए बड़े सवाल

कानपुर देहात के राजपुर क्षेत्र में बच्चों से भरी स्कूल वैन पलटने से करीब 19 छात्र घायल हो गए। ओवरलोडिंग के आरोपों के बीच पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसे ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर देहात में एक स्कूल वैन हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजपुर थाना क्षेत्र के जैनपुर-सिकंदरा मार्ग पर न्यू लाइट एजुकेशन सेंटर की बच्चों से भरी वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब 19 बच्चे घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चों को मामूली चोटें आईं और किसी की जान को गंभीर खतरा नहीं हुआ।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन पलटते ही बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तुरंत वैन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

ओवरलोडिंग के आरोप, जांच के बाद होगी कार्रवाई

घटना के बाद आरोप लगाए जा रहे हैं कि 8-सीटर वैन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था। यदि जांच में यह तथ्य सही पाया जाता है तो यह बच्चों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही मानी जाएगी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही जिम्मेदारी तय होगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह घटना स्कूल वाहनों की नियमित फिटनेस जांच, क्षमता के अनुरूप संचालन और सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन की आवश्यकता को भी उजागर करती है।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

Related Articles

Back to top button