महज वोटिंग मशीन बनकर रह गए हैं मुस्लिम: ओवैसी

- बंगाल में चुनाव प्रचार में ओवैसी-हुमायूं कबीर एक मंच पर साथ दिखे
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोलकाता। आईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को मुर्शिदाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने हुमायूं कबीर के नेतृत्व वाली पार्टी एजेयूपी के उम्मीदवारों के समर्थन में वोट मांगे। ओवैसी ने कहा कि बंगाल में कमजोर वर्गों और मुसलमानों का शोषण रोकने के लिए उन्होंने कबीर के साथ हाथ मिलाया है। ओवैसी ने सत्ताधारी टीएमसी और अन्य दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने मुसलमानों का इस्तेमाल सिर्फ वोट के लिए किया, लेकिन उनके विकास के लिए कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षों में इस समुदाय ने कांग्रेस, वाम मोर्चे और टीएमसी को वोट दिया, फिर भी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। रैली में ओवैसी ने कहा कि भारतीय राजनीति की सच्चाई यही है कि जिस समाज का अपना नेतृत्व होता है, वही तरक्की करता है। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि मुसलमान अब सिर्फ वोटिंग मशीन बनकर रह गए हैं। अब समय आ गया है कि मुस्लिम समुदाय अपने नेता खुद चुने।



