नेपाल में तबाही के बाद गोरखपुर अलर्ट, NDRF-SDRF तैयार; जानें कितना है खतरा

नेपाल में फ्लैश फ्लड और भारी बारिश के बाद गोरखपुर प्रशासन अलर्ट है। NDRF-SDRF और PAC टीमें तैयार हैं। फिलहाल गोरखपुर पर कोई विशेष खतरा नहीं, नदियों के जलस्तर पर नजर है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: नेपाल के पहाड़ी इलाकों में फ्लैश फ्लड और लगातार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। इसका असर सीमावर्ती इलाकों पर पड़ने की आशंका के बीच गोरखपुर प्रशासन ने एहतियातन मोर्चा संभाल लिया है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देश पर NDRF, SDRF और PAC की टीमों को तैयार स्थिति में रखा गया है। हालांकि, फिलहाल गोरखपुर पर नेपाल की बाढ़ का कोई विशेष प्रभाव नहीं है।

NDRF-SDRF अलर्ट, सीमावर्ती जिलों से संपर्क

जिलाधिकारी ने बताया कि नेपाल और सीमावर्ती जिले महराजगंज व कुशीनगर के प्रशासन से लगातार संपर्क किया जा रहा है। कुशीनगर की संवेदनशीलता को देखते हुए NDRF टीम को जरूरत पड़ने पर तत्काल रवाना करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन राप्ती, घाघरा और गंडक नदियों के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल राप्ती और घाघरा का जलस्तर कम है। इन नदियों में पानी बढ़ने पर ही गोरखपुर के कुछ इलाकों में असर पड़ने की संभावना है।

नेपाल में फ्लैश फ्लड से भारी तबाही

नेपाल के रसुवा जिले में तिब्बत से आई बाढ़ के बाद भोटे कोशी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इससे आसपास के क्षेत्रों में खतरा बढ़ने और हाइड्रोपावर परियोजना को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। कई गांव प्रभावित होने और लोगों के लापता होने की भी बात कही गई है।

भारत-नेपाल मैत्री समाज के अध्यक्ष अनिल गुप्त ने लोगों से नेपाल यात्रा के दौरान नदियों और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की अपील की है। उनके मुताबिक प्रभावित क्षेत्र से निकलने वाली नदियों का रुख बिहार की ओर है, इसलिए वहां ज्यादा असर की आशंका है।

गोरखपुर में फिलहाल खतरा नहीं, प्रशासन तैयार

डीएम ने कहा कि कुछ समय पहले बारिश से बड़हलगंज क्षेत्र के छह गांव प्रभावित हुए थे, जहां मेडिकल टीम और राहत-बचाव दल तैनात किए गए थे। फिलहाल वहां स्थिति सामान्य है।

मुख्यमंत्री ने भी महराजगंज और कुशीनगर में गंडक व नारायणी नदियों के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। नेपाल में भारतीय नागरिकों के लापता होने की कोई स्पष्ट सूचना अभी गोरखपुर प्रशासन को नहीं मिली है। किसी आपात स्थिति में लोगों को प्रशासन और मीडिया के माध्यम से तत्काल जानकारी दी जाएगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बदायूं: अग्निवीर की तैयारी कर रहा था युवक, भर्ती से पहले दर्दनाक हादसे में मौत

Related Articles

Back to top button