शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की अब खैर नहीं! सीतापुर पुलिस ने 222 चालकों पर कसा शिकंजा

सीतापुर पुलिस के ऑपरेशन 'मीट एंड ग्रीट' के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 222 चालकों समेत सैकड़ों लोगों पर कार्रवाई की गई। लाखों रुपये का जुर्माना वसूल कर सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए सीतापुर पुलिस का विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मीट एंड ग्रीट’ लगातार असर दिखा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ शुरू किए गए इस अभियान में अब तक सैकड़ों चालकों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस का मानना है कि सख्ती के साथ जागरूकता बढ़ाने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है।

वीकेंड पर हाईवे पर विशेष चेकिंग अभियान

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सड़क हादसों के विश्लेषण में यह सामने आने के बाद कि सप्ताहांत में शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाएं अधिक होती हैं, खैराबाद स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग टोल प्लाजा पर प्रत्येक शनिवार और रविवार रात विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया गया।

ब्रेथ एनालाइजर से जांच, लाखों का जुर्माना

यातायात निरीक्षक फरीद अहमद के नेतृत्व में ब्रेथ एनालाइजर की मदद से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। बीते एक माह में 158 चालकों का चालान कर 15.80 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक बनाना भी है।

इन नियमों के उल्लंघन पर भी हुई कार्रवाई

15 मई से अब तक ड्रिंक एंड ड्राइव के 222, प्रेशर हॉर्न के 231, मॉडिफाइड साइलेंसर के 47, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 649 और फॉल्टी नंबर प्लेट वाले 733 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: क्या भारत-अमेरिका ट्रेड डील किसानों के लिए खतरा? बरेली में बड़े आंदोलन का ऐलान

Related Articles

Back to top button