ऑपरेशन ‘Cy-वज्र’: बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 58 साइबर अपराधी गिरफ्तार, 1.67 करोड़ की ठगी का खुलासा
बरेली पुलिस ने ऑपरेशन 'Cy-वज्र' के तहत 58 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर 1.67 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा किया। 23 थानों में 41 मुकदमे दर्ज हुए और लाखों की नकदी समेत कई उपकरण बरामद किए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए बरेली पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन ‘Cy-वज्र’ चलाया। एसएसपी के निर्देशन में साइबर सेल, साइबर थाना, एसओजी और जनपदीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने जिलेभर में एक साथ छापेमारी कर 58 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था और शुरुआती जांच में करीब 1.67 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है।
23 थानों में 41 मुकदमे, कई राज्यों से जुड़ा नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान जिले के 23 थानों में 41 मुकदमे दर्ज किए गए। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर 150 से अधिक शिकायतें पहले से दर्ज थीं। महाराष्ट्र, बिहार, तेलंगाना, कर्नाटक समेत कई राज्यों में भी इनके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
26.49 लाख नकद, मोबाइल और फर्जी दस्तावेज बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26.49 लाख रुपये नकद, 69 मोबाइल फोन, 21 एटीएम कार्ड, 3 फर्जी आधार कार्ड, एक पेटीएम स्कैनर, चेकबुक और साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए। थाना प्रेमनगर पुलिस ने सबसे अधिक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि भमोरा, बहेड़ी, साइबर थाना, कैण्ट, भोजीपुरा और भुता पुलिस की टीमों ने भी कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।
SP क्राइम ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
एसपी क्राइम मनीष चन्द्र सोनकर ने बताया कि ऑपरेशन ‘Cy-वज्र’ साइबर अपराध के खिलाफ बरेली पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, OTP, लोन या लॉटरी के झांसे में न आएं और साइबर ठगी की सूचना तुरंत 1930 हेल्पलाइन या NCRP पोर्टल पर दें।
रिपोर्ट-सुनील सक्सेना, बरेली
रिपोर्ट – “रोड नहीं तो स्कूल नहीं”… बांदा में सड़क की बदहाली के खिलाफ बच्चों और ग्रामीणों का प्रदर्शन



