तिरंगे के साथ दिखा देशभक्ति का उत्साह, राष्ट्रीय एकता और नागरिक दायित्व का दिया संदेश

गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) में रविवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) में रविवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।

राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित मार्च में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक दायित्व का संदेश दिया।

फ्लैग मार्च का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्टेशनरी शॉप से हुआ। विद्यार्थियों का दल अनुशासित ढंग से अटल भवन की ओर बढ़ा। पूरे मार्ग में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। तिरंगा हाथों में लेकर आगे बढ़ रहे छात्र-छात्राओं ने राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा के मार्गदर्शन तथा एनएसएस के संकाय प्रभारी डॉ. सत्यप्रकाश यादव के निर्देशन में आयोजित हुआ। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोहित बाबू भी मौजूद रहे।

आयोजकों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और उसके महत्व से परिचित कराने के साथ उनमें देश के प्रति सम्मान तथा सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। फ्लैग मार्च के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है।

कार्यक्रम ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ उन्हें राष्ट्र-निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित किया।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button