फिटनेस से आगे बढ़कर करियर तक, युवाओं के लिए पीएम मोदी का खेलों पर फोकस

पीएम मोदी ने युवाओं से खेलों से जुड़ने का आह्वान किया। गोरखपुर में बड़ी संख्या में युवाओं ने ‘खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम सुना। खेलों को करियर और स्वस्थ जीवन से जोड़ा गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: खेल का मैदान अब सिर्फ पदक जीतने तक सीमित नहीं है। बदलते दौर में खेल युवाओं के लिए फिटनेस, अनुशासन और करियर—तीनों के नए अवसर खोल रहा है। इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देशभर के युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ के तहत हुए ‘खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम में करीब आठ लाख युवाओं ने हिस्सा लिया।

1600 स्थानों से जुड़े आठ लाख युवा

प्रधानमंत्री ने देशभर के करीब 1,600 स्थानों से जुड़े युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनमें युवाओं के लिए करियर की भी व्यापक संभावनाएं हैं।

गोरखपुर में भी बड़ी संख्या में युवाओं ने कार्यक्रम को सुना। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान मौजूद रहे।

खेलों से अनुशासन और नशे से दूरी

केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि केंद्र सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनके मुताबिक, युवाओं का खेलों की ओर रुझान बढ़ने से वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकते हैं।

उन्होंने कहा कि खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित होती है। ऐसे में खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से प्रोत्साहन और बेहतर अवसर देना महत्वपूर्ण है।

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं से जुड़ी घोषणा के सवाल पर कमलेश पासवान ने कहा कि भाजपा महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के पक्ष में है। उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर संसद में विधेयक लाए जाने का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि अधिक महिलाएं सदन में पहुंचें और राजनीति में उनकी भागीदारी मजबूत हो। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए योजनाएं चलाए जाने का भी दावा किया।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बांदा में गोवंश को बचाने में कचरे से भरा डंपर पलटा, चालक घायल; टला बड़ा हादसा

Related Articles

Back to top button