महाराष्ट्र में अजित के विमान दुर्घटना पर सियासी संग्राम
शिवसेना यूबीटी के बाद कांग्रेस ने भी की जांच की मांग

- राज्य के 80 प्रतिशत लोगों का मानना इसमें कुछ गड़बड़ है : वडेट्टीवार
- अंतिम संस्कार भी पूरा नहीं हुआ सब सत्ता हथियाने की होड़ में जुटे
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। महाराष्ट्र के दिग्गज अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत पर षड्यंत्र का संदेह के आरोप लगने लगें हैं। शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत के बाद कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने मौत पर षड्यंत्र का संदेह जताते हुए कहा कि 80प्रतिशत महाराष्ट्रीयन इसमें गड़बड़ी मानते हैं। उन्होंने पायलट बदले जाने जैसे सवालों को उठाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है, जिससे महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है।
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने सोमवार को महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत के पीछे षड्यंत्र होने का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के 80 प्रतिशत लोगों का मानना है कि इसमें कुछ गड़बड़ है। विजय वडेट्टीवार ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को इस मामले की जांच की मांग करनी चाहिए। उन्होंने एनसीपी प्रमुख अजीत पवार की मृत्यु के कुछ ही दिनों बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर भी सवाल उठाए और कहा कि हर कोई सत्ता हथियाने की होड़ में लग गया। वडेट्टीवार ने कहा कि केवल सीआईडी जांच से कुछ हल नहीं होगा। आखिरी समय में पायलट क्यों बदला गया? इतने बड़े नेता के मामले में लापरवाही कैसे हो सकती है। एनसीपी नेताओं को प्रधानमंत्री मोदी से इसकी जांच कराने की मांग करनी चाहिए… अगर यह दुर्घटना नहीं है, अगर इसके पीछे कोई षड्यंत्र है, तो यह किसकी ओर इशारा करता है? उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई इस तरह की बातें कर रहा है, तो उसे यह भी बताना चाहिए कि वह किसकी ओर इशारा कर रहा है… अजित दादा की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार भी पूरा नहीं हुआ था कि सब सत्ता हथियाने की होड़ में जुट गए।
एनसीपी नेताओं ने भी जताया संदेह
इससे पहले, एनसीपी नेता अमोल मितकारी ने भी इसी तरह के संदेह व्यक्त किए थे, जिसमें उन्होंने अचानक पायलट परिवर्तन, विमान के मार्ग में बदलाव और दुर्घटनास्थल से बरामद शवों की स्थिति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा, एक भी कागज़ नहीं जला, लेकिन शव जले हुए थे। इससे संदेह पैदा होता है। मितकारी ने कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से सीबीआई जांच शुरू करने का आग्रह किया है और उच्च स्तरीय जांच सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हस्तक्षेप की भी मांग करेंगे।
दादा की मौत हादसा नहीं साजिश : राउत
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की मौत पर सवाल उठाते हुए विमान दुर्घटना में साजिश की आशंका जताई। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दो विरोधी गुटों के बीच संभावित सुलह की अटकलें तेज हैं। राउत ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित एनसीपी विलय का समर्थन करने के बाद अजीत पवार पर दबाव डाला गया और दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सिंचाई घोटाले की फाइलों का इस्तेमाल उन्हें धमकाने के लिए किया। राउत के अनुसार, इस घटना के कुछ ही दिनों के भीतर अजीत पवार की अचानक मौत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि अजीत दादा की दुर्घटना पर सवाल जरूर उठेंगे… सवाल उठने ही चाहिए। जिस तरह से अजीत पवार जैसे नेता… महाराष्ट्र के एक दिग्गज नेता की विमान दुर्घटना में मृत्यु हुई और जो तथ्य सामने आ रहे हैं – इसकी जांच होनी चाहिए… मुझे लगता है कि इसमें कुछ गड़बड़ है। उन्होंने आगे कहा, पर्दे के पीछे कुछ जरूर हुआ है… उनकी रहस्यमय तरीके से 10 दिनों के भीतर मृत्यु हो गई। इससे हम क्या समझते हैं? यह हमें न्यायमूर्ति लोया की याद दिलाता है।



