कर्नाटक में कैबिनेट विस्तार में सियासी रार

भाजपा का आरोप- मंत्री पद बेचा गया कांग्रेस ने दावों को किया खारिज

  • ‘ईमानदार’ विधायकों के पास रुपये नहीं थे, उन्हें मंत्री पद से वंचित कर दिया गया : नारायणस्वामी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
बेंगलुरु । भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक में हुए मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री पदों की कथित नीलामी के आरोप लगाकर राज्य सियासी रार मचा दी है। हालांकि कांग्रेस  ने मामले को खारिज किया है। भाजपा ने इसको लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से स्पष्टीकरण की मांग की है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और राज्य भाजपा नेता सी. नारायणस्वामी ने एक कथित ऑडियो क्लिप का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि आर्थिक प्रभाव के आधार पर मंत्री पद तय किए गए। इसके अलावा भाजपा ने वाल्मीकि विकास निगम घोटाले के आरोपी बी. नागेंद्र को दोबारा मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने पर भी कड़ा विरोध जताया है।
उन्होंने कांग्रेस की राज्य इकाई के दो नेताओं के बीच कथित ऑडियो बातचीत का हवाला देते हुए आरोप लगाया था कि राज्य में मंत्रिमंडल के पद आर्थिक प्रभाव के आधार पर हासिल किए गए। नारायणस्वामी ने दावा किया कि कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग से संकेत मिलता है कि जिन ‘ईमानदार’ विधायकों के पास रुपये नहीं थे, उन्हें मंत्री पद से वंचित कर दिया गया। उन्होंने कर्नाटक में 89 करोड़ रुपये के वाल्मीकि जनजाति विकास निगम घोटाले में आरोपी बी. नागेंद्र को दोबारा राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने पर भी सवाल उठाए। भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि अगर नागेंद्र पद पर बने रहते हैं तो पार्टी विरोध प्रदर्शन करेगी।

अनुराग ठाकुर ने ऑडियो रिकॉर्डिंग सुनाया

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस में किसी व्यक्ति का कद और पद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को दिए जाने वाले चढ़ावे (आर्थिक पेशकश) से तय होता है। यह मैं नहीं कह रहा हूं, बल्कि कांग्रेस नेताओं के बीच हुई बातचीत से ये गंभीर आरोप सामने आए हैं।’ पूर्व केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने दावा किया कि कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग के अनुसार, कर्नाटक मंत्रिमंडल में 80 प्रतिशत मंत्रियों ने इस तरह के चढ़ावे देकर मंत्रिपद हासिल किए। उन्होंने सवाल किया, वाल्मीकि जनजाति विकास निगम घोटाले में आरोपी और अब भी ईडी के मामले का सामना कर रहे व्यक्ति को मंत्रिमंडल में क्यों शामिल किया गया? क्या दलितों के लिए निर्धारित धन का गबन करने वाले व्यक्ति ने भुगतान के आधार पर नए मंत्रिमंडल में जगह हासिल की?’’ भाजपा नेता ने यहां संवाददाताओं से कहा, ये गंभीर आरोप हैं। खरगे, राहुल गांधी और के.सी. वेणुगोपाल को इन आरोपों का जवाब देना होगा।

Related Articles

Back to top button