एमपी में जहरीली शराब से मौत पर गरमाई सियासत

कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा

  • पटवारी ने अमित शाह को लिखा पत्र सागर से देवास तक उठाए सवाल
  • भाजपा बोली- मौत पर राजनीति कर रही कांग्रेस

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
भोपाल। जहरीली शराब से देवास में 20 से अधिक मौतों के मामले में राज्य की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने भाजपा को आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने थाना प्रभारी से लेकर पुलिस अधीक्षक तक की जवाबदेही तय करने, शराब माफिया के पूरे नेटवर्क की जांच और आबकारी विभाग पर कार्रवाई की मांग की। पटवारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच और केंद्रीय हस्तक्षेप की मांग भी की है। मध्य प्रदेश में जहरीली शराब से मौतों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एमपी सरकार पर निशाना साधा है। देवास के चांदाना और बिजासन गांवों में 20 से अधिक मौतों का हवाला देते हुए उन्होंने शराब माफिया पर कार्रवाई और पुलिस-प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की।
पटवारी ने सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों की जांच के लिए गठित आयोग की रिपोर्ट में देरी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच, शराब माफिया के नेटवर्क की पड़ताल और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए केंद्रीय हस्तक्षेप मांगा है। पत्र में उन्होंने अक्टूबर 2020 में उज्जैन में 14, जनवरी 2021 में मुरैना में 24 और सितंबर 2026 में सागर में 30 लोगों की मौत का उल्लेख किया। मंदसौर में मई 2021 की घटना और देवास में अक्टूबर 2026 में 20 से अधिक मौतों का भी हवाला दिया।

शराब माफिया सरकार चला रहा है : जीतू पटवारी

पटवारी ने आरोप लगाया कि मंत्रालय की पांचवीं मंजिल पर शराब माफिया सरकार चला रहा है। पटवारी ने कहा कि जिस थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिकती है, वहां के थाना प्रभारी के साथ पुलिस अधीक्षक पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि देवास में शुरुआत में प्रशासन जहरीली शराब से मौतों की बात से इनकार करता रहा, जबकि बाद में मामले में गिरफ्तारी हुई। उन्होंने कहा कि सरकार घटना को छिपाने के बजाय निष्पक्ष जांच कराए और प्रभावित परिवारों को न्याय दे। वे देवास जाकर पीडि़त परिवारों से मिलेंगे और कलेक्टर से चर्चा करेंगे।

नशे के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति : खंडेलवाल

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस मौत जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी कारण से हुई मौत दुखद है। ऐसे मामलों में आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई पर ध्यान देना चाहिए। मंगलवार को जारी बयान में खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नशामुक्त भारत अभियान चला रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार भी नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि किसी भी घटना में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और निष्पक्ष जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी। खंडेलवाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश को 31 दिसंबर 2029 तक नशे के अवैध कारोबार से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए वर्ष 2026 से 2029 तक की समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई, खुफिया जानकारी के आधार पर जांच, राज्यों के बीच समन्वय और युवाओं को नशे से बचाने पर जोर दिया जा रहा है। नशे की लत से प्रभावित लोगों के उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button