राहुल गांधी के बयान से गरमाई सियासत, महारैली से पहले बढ़ी हलचल

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों से कथित वोट चोरी के खिलाफ होने वाले इस विरोध प्रदर्शन और 'वोट बचाओ, देश बचाओ' मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: भाजपा राज में हो रही वोटों की चोरी के बीच इंडिया गठबंधन एक बड़ा कदम उठा रहा है। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन होने वाला है। 1 नवंबर को होने वाले इस आंदोलन को लेकर विपक्ष ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

ऐसे में आंदोलन से पहले राहुल गांधी की प्रतिक्रिया चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडी गठबंधन की महारैली का प्रचार करने के लिए सत्तारूढ़ दल और उसके सहयोगियों का धन्यवाद किया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों से कथित वोट चोरी के खिलाफ होने वाले इस विरोध प्रदर्शन और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों से नाम हटाए गए हैं, नियमों और कानूनों का खुलेआम उल्लंघन हुआ है। उन्होंने कहा कि देश में वोटों की चोरी की जा रही है, इसे किसी भी कीमत पर चुपचाप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लिखा कि सवाल पूछने वालों पर लाठियां चलाई गईं, लेकिन अब देश जवाब देगा। उन्होंने छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों से लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि वोट आपका है और यह लड़ाई भी आपकी ही है।

गौरतलब है कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करेंगे. विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का लगातार विरोध कर रहा है. राहुल गांधी ने बीजेपी पर वोट चोरी का आरोप लगाया है. अहम बात यह भी है कि कांग्रेस 1 नवंबर की रैली को लेकर पूरी तरह कमर कस चुकी है. उसने अपने शीर्ष नेताओं को भीड़ जुटाने का टारेगट भी दिया है.

वहीं इससे पहले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि संविधान को बचाने और वोट चोरों को हराने की हमारी कोशिशों के तहत, इंडिया गठबंधन 30 अक्टूबर को एक महत्वपूर्ण जन-महाभियोग कार्यक्रम आयोजित करेगा.उन्होंने आगे बताया कि वोट चोर सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए जनता का फैसला स्पष्ट रूप से सुनाया जाएगा.

इस महाभियोग के बाद हम वोट चोरी के खिलाफ दिल्ली चलो मार्च निकालेंगे, जो नवंबर को रामलीला मैदान में संपन्न होगा. इसमें कम से कम 10 लाख जागरूक नागरिक हिस्सा लेंगे. उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंडिया गठबंधन के सभी दलों से संपर्क किया है. उनसे आग्रह किया है कि इस दौरान उनके नेता और सदस्य भारी संख्या में दिल्ली में मौजूद रहेंगे.

इससे पहले वेणुगोपाल ने एक्स पर कुछ नेताओं के साथ तस्वीर साझा करते हुए कहा कि आजय माकन के साथ मैंने एआईसीसी प्रभारी, पीसीसी अध्यक्ष और दिल्ली के सीनियर नेताओं से मुलाकात की. इस मीटिंग में वोट चोरी के खिलाफ 1 नवंबर को होने वाली हमारी मेगा रैली की तैयारियों की चर्चा की गई.

दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को 1 नवंबर को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की अनुमति दे दी है. मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की योजना के तहत जरूरी अनापत्ति प्रमाणपत्र के लिए पुलिस से संपर्क किया था. उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रदर्शन स्थल पर रैली आयोजित करने के लिए 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक की अवधि के लिए एनओसी जारी कर दी गई है.

पुलिस के मुताबिक, प्रस्तावित रैली को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोजकों, यातायात पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है. इसका उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना, यातायात का प्रभावी प्रबंधन करना और कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराना है.

अब पुलिस ने भले ही अनुमति दे दी हो लेकिन बीजेपी इसे लेकर एक अलग ही राग अलाप रही है। भाजपा ने 1 नवंबर को होने वाली इस रैली की तारीख बदलने की मांग की। भाजपा का कहना है कि 1 नवंबर की तारीख 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी से मेल खाती है, इस दिन रैली करने से सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचेगी। भाजपा प्रवक्ता रवि शंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर सिख समुदाय और व्यापारियों के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाया।

इस पर कटाक्ष करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वे भाजपा और उसके सहयोगियों के आभारी हैं, जो इस कार्यक्रम का इतने उत्साह से प्रचार कर रहे हैं, और उन्होंने उनसे अगले सात दिनों तक यही जोश बनाए रखने को कहा।

भाजपा नेता ने इस घटनाक्रम को राहुल गांधी की कार्यशैली से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि जब राहुल गांधी किसी बात पर अड़ जाते हैं, तो वे दूसरों की राय सुनने को तैयार नहीं होते. उन्होंने कहा कि अपनी बात मनवाने की जिद में राहुल गांधी सिख समुदाय की भावनाओं का मजाक उड़ाने जैसा कदम उठा रहे हैं.

इस प्रस्तावित रैली का दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने भी विरोध किया है। सीटीआई ने त्योहारी सीजन में व्यापार प्रभावित होने की आशंका जताते हुए राहुल गांधी से रैली को 10 नवंबर के बाद तक टालने का अनुरोध किया है। संगठन के मुताबिक, इस रैली से लगभग 10000 करोड़ रुपये का व्यापार प्रभावित हो सकता है।

इसके अलावा, फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ इंडिया ने भी इस रैली का विरोध दर्ज कराया है। आपको बता दें कि इस रैली को लेकर नेताओं की भी लगातार प्रतिक्रिया सामने आ रही है। वहीं इस मामले को लेकर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने व्यापारियों द्वारा राहुल गांधी को पत्र लिखे जाने पर कहा, “हम पहले से ही कहते आ रहे हैं कि देश के मुद्दों को उठाने के लिए एक निश्चित स्थान होना चाहिए।

इसी कड़ी में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर कहा, “रामलीला मैदान में होने वाली इस रैली के लिए ‘दिल्ली चलो’ का आह्वान किया गया है।

लोकतंत्र और संविधान को बचाने की जो लड़ाई आदरणीय राहुल गांधी जी, इंडिया गठबंधन के हमारे साथी, सिविल सोसाइटी के लोग और आम नागरिक लड़ रहे हैं, उनकी आवाज़ बनकर हम 1 नवंबर को एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने जा रहे हैं। ज्ञानेश के इस्तीफे की मांग को लेकर होने वाली यह रैली न सिर्फ ज्ञानेश कुमार को बल्कि बीजेपी को भी परेशान कर सकती है।

Related Articles

Back to top button