केंद्र की वजह से रेल विकास की परियोजनाओं में हुई देरी

- पश्चिम बंगाल में भाजपा व टीएमसी का एक दूसरे पर तीखा प्रहार
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा व टीएमसी एक दूसरे पर तीखा प्रहार कर रहे हैं। बंगाल की मुख्यमंत्री ने देबरा में जनसभा में बताया कि कैसे बेहतर सुविधाओं, कॉलेजों और स्वास्थ्य केंद्रों की शुरुआत से इस क्षेत्र का कायापलट हो गया है। उन्होंने रेल मंत्रालय पर क्षेत्र में परियोजनाओं में देरी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों पहले स्वीकृत फ्लाईओवर और उससे संबंधित कार्य अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा, हमने राजीव बनर्जी को देबरा से टिकट दिया है। मेरे साथ श्रीकांत महतो और अजीत मैती हैं। वे क्रमश: सालबोनी और पिंगला से चुनाव लड़ रहे हैं। रेल मंत्रालय यहां फ्लाईओवर का निर्माण पूरा नहीं कर रहा है। यह मेरे कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था। अगर वे काम पूरा नहीं करेंगे, तो हम पुल के नीचे होने वाले अपने काम को कैसे पूरा कर पाएंगे? मैं संबंधित अधिकारियों से काम पूरा करने का आग्रह करती हूं।
उन्होंने बताया कि देबरा में हमने एक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाई और आईटीआई पॉलिटेक्निक कॉलेज का निर्माण किया है। यहां एक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाया गया है। ग्रामीण अस्पताल में बाल देखभाल को प्राथमिकता दी गई है। हमने 120 से अधिक सडक़ों का निर्माण और जीर्णोद्धार किया है। हमने पुल भी बनाए हैं। सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
भाजपा ने चुनाव आयोग से की सीएम की शिकायत
भाजपा ने बंगाल के मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर ममता पर चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को भंग करने वाले भडक़ाऊ भाषण देने का आरोप लगाया। शिकायत में मतदाताओं को डराने-धमकाने के विशिष्ट उदाहरणों का हवाला देते हुए पार्टी ने कहा 25 मार्च को उत्तरी बंगाल के मैनागुड़ी में एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कथित तौर पर कहा था कि चुनाव के बाद जनता को अपने घरों के बाहर मैं भाजपा का समर्थन नहीं करता लिखे पोस्टर लगाने के लिए मजबूर किया जाएगा।



