कुश्ती के विकास के लिए राजेश्वर ने की 5 लाख की सहयोग की घोषणा

- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान की ओर ये बड़ा आयोजन
- देश के साथ विदेशों से भी पहुंची प्रतिभाओं से बढ़ी प्रतियोगिता की गरिमा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित रेसलिंग गोल्ड कप 2026 ने इस बार कुश्ती प्रेमियों को रोमांच और परंपरा का अद्भुत संगम देखने का अवसर दिया। अमर शहीदों की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित इस प्रतियोगिता में देश विदेश से आए पहलवानों ने अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में सरोजनीनगर के विधायक डा. राजेश्वर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और आयोजन की सराहना करते हुए कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए 5 लाख रूपयों की सहयोग राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सहयोग से भविष्य में और बड़े स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा सकेगा और युवा प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्रऔर पंजाब जैसे राज्यों के साथ साथ जॉर्जिया और ईरान से भी पहलवानों ने भाग लिया। कुल 45 प्रतिभाशाली खिलाडय़िों की सहभागिता ने प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय रंग प्रदान किया। मुकाबलों के दौरान खिलाडिय़ों की ताकत, तकनीक और स्टैमिना का बेहतरीन तालमेल देखने को मिला।
कुश्ती हमारी पांच हजार वर्ष पुरानी विरासत: डॉ. सिंह
डा. राजेश्वर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कुश्ती भारत की लगभग पांच हजार वर्ष पुरानी गौरवशाली परंपरा रही है। यह केवल एक खेल नहीं बल्कि शक्ति संयम तकनीक और संस्कृति का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि अखाड़ा परंपरा और गुरु शिष्य परंपरा ने इस खेल को सदियों तक जीवित रखा है और समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने आज के मुकाबलों का उल्लेख करते हुए कहा कि खिलाडिय़ों ने जिस तरह स्टाइल और तकनीक का प्रदर्शन किया वह भारतीय कुश्ती के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करता है। डा0 सिंह ने खिलाडय़िों को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनमें अनुशासन समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना कूट कूट कर भरी होती है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी न केवल खुद को स्वस्थ और संस्कारित रखते हैं बल्कि अपने प्रदर्शन से देश का नाम विश्व पटल पर ऊंचा करते हैं। इसी कारण वे समाज के सर्वश्रेष्ठ नागरिकों में गिने जाते हैं।
ऐसे आयोजनों से कुश्ती को वैश्विक मंच पर मिलती है नई पहचान : विधायक
इस आयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे लखनऊ की सरोजनी नगर क्षेत्र से विधायक डा. राजेश्वर सिंह ने कहा कि इस तरह की अंतरराष्ट्रीय भागीदारी से न केवल प्रतियोगिता की प्रतिष्ठा बढ़ती है बल्कि भारतीय कुश्ती को वैश्विक मंच पर नई पहचान भी मिलती है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए आयोजक राजेश कुमार सिंह को बधाई दी।



