रक्षाबंधन पर बहनों का सफर होगा फ्री, जानिए कब से कब तक मिलेगी मुफ्त बस सेवा
रक्षाबंधन पर यूपी की महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त मध्यरात्रि तक रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। गोरखपुर में सर्कुलर का इंतजार है।

रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए दूर शहरों से घर लौटने वाली बहनों के लिए राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश सरकार की घोषणा के मुताबिक 27 अगस्त की सुबह से महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। हालांकि, गोरखपुर में इस व्यवस्था को लेकर औपचारिक सर्कुलर का इंतजार बना हुआ है।
27 अगस्त सुबह 6 बजे से मुफ्त यात्रा
शासन के निर्देश के अनुसार महिलाओं को 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक यूपी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। खास बात यह है कि महिला यात्री अपने साथ एक सहयोगी को भी निशुल्क यात्रा करा सकेंगी। इससे रक्षाबंधन के दौरान लंबी दूरी तय करने वाली महिलाओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
गोरखपुर में अतिरिक्त बसों की तैयारी
रक्षाबंधन पर यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने की संभावना को देखते हुए गोरखपुर रीजन में रोडवेज अतिरिक्त बसों के संचालन और फेरे बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, इन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधन कार्यालय को शासन के औपचारिक सर्कुलर का इंतजार है।
यूपी रोडवेज गोरखपुर रीजन के आरएम लव कुमार ने 4PM न्यूज़ नेटवर्क को बताया कि अभी शासन के औपचारिक सर्कुलर की प्रतीक्षा है। इसके आने के बाद निशुल्क टिकट, अतिरिक्त बसों और फेरे बढ़ाने को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
बहनों को मिलेगी बड़ी राहत
रक्षाबंधन पर मुफ्त बस यात्रा की सुविधा उन महिलाओं के लिए खास तौर पर मददगार होगी, जिन्हें दूर-दराज रहने वाले भाइयों के घर पहुंचना है। त्योहार के दौरान भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुगम यातायात पर भी विशेष जोर रहेगा। सर्कुलर जारी होने के बाद गोरखपुर रीजन में व्यवस्था की तस्वीर और साफ हो जाएगी।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: उन्नाव: भाई की हरकत का विरोध करना पड़ा भारी, गुस्से में उठाया हसिया और कर दिया कत्ल



