10 साल की सजा काटकर लौटा, फिर ली छोटे भाई की पत्नी की जान; अगले दिन पेड़ से लटका मिला शव

मिर्जापुर के लालगंज क्षेत्र में छोटे भाई की पत्नी की हत्या के आरोपी का अगले दिन पेड़ से लटका शव मिला। पुलिस हत्या और संदिग्ध आत्महत्या दोनों मामलों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित बेलहा (तेंदुहनी) गांव में पारिवारिक विवाद ने दो दिनों में दो जिंदगियां निगल लीं। आरोप है कि छोटे भाई की पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद फरार हुआ आरोपी अगले दिन जंगल में पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।

पारिवारिक विवाद के बाद महिला की मौत

पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय संगीता का रविवार शाम अपने जेठ छोटेलाल उर्फ कलट्टर से विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका अपने पीछे एक पांच वर्षीय पुत्र और पांच माह की बेटी छोड़ गई हैं।

आरोपी का आपराधिक इतिहास, अगले दिन मिला शव

पुलिस के मुताबिक आरोपी छोटेलाल पूर्व में अपनी पत्नी की दहेज हत्या के मामले में दोषी ठहराया जा चुका था और करीब 10 वर्ष की सजा काटने के बाद कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था। महिला की हत्या के बाद वह फरार हो गया, लेकिन सोमवार सुबह उसका शव गांव के पास बगीचे में पेड़ से लटका मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं, आरोपी के शव का भी पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं की वास्तविक परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: कानपुर में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई स्कॉर्पियो; दो बच्चों समेत तीन की मौत

Related Articles

Back to top button