किसने जोड़ा रोहित सावंत का नाम? भाजपा की कार्यसमिति सूची ने गोरखपुर में बढ़ाई हलचल

गोरखपुर भाजपा महानगर कार्यसमिति की वायरल सूची में रोहित सावंत का नाम सामने आने से विवाद बढ़ गया है। महानगर अध्यक्ष ने नाम शामिल होने से इनकार किया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर भाजपा महानगर कार्यसमिति की सूची को लेकर पार्टी के भीतर ही सवाल खड़े हो गए हैं। 7 सितंबर को जारी सूची के बाद सोशल मीडिया पर सामने आई एक अन्य सूची में रोहित सावंत का नाम कार्यसमिति सदस्य के तौर पर दिखाई दे रहा है। मामला सामने आने के बाद पार्टी नेताओं के बीच चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने रोहित सावंत के कार्यसमिति में शामिल होने से साफ इनकार किया है।

फेसबुक पर वायरल सूची से शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि 7 सितंबर को जारी सूची के बाद कुछ नाम और जोड़े गए और संबंधित लोगों को सूची उपलब्ध कराई गई। पार्टी के कार्यसमिति सदस्य मदन लाल गुप्ता (अग्रहरि) के फेसबुक अकाउंट से पोस्ट की गई सूची में रोहित सावंत का नाम भी नजर आ रहा है।

वहीं महानगर अध्यक्ष का कहना है कि 7 सितंबर को एक ही सूची जारी हुई थी और उसमें रोहित सावंत का नाम नहीं है। उनके मुताबिक, उनके फेसबुक अकाउंट से भी उसी सूची को पोस्ट किया गया था।

फर्जी अपहरण और सोना हड़पने के आरोपों से जुड़ा रहा नाम

रोहित सावंत जनवरी 2025 में कथित फर्जी अपहरण की कहानी को लेकर चर्चा में आया था। पुलिस जांच में 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगे जाने की कहानी फर्जी पाए जाने की बात सामने आई थी। बाद में वह अपने जीजा के साथ मुंबई से गोरखपुर पहुंचा और माफी मांगी थी।

इसके करीब छह महीने बाद सराफा कारोबारियों ने उस पर 2.376 किलो पक्का सोना हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत में तीन कारोबारियों के सोने का उल्लेख किया गया था। इन आरोपों पर भी संबंधित स्तर पर शिकायत और जांच की बात सामने आई थी।

नाम कैसे जुड़ा, भाजपा के सामने बड़ा सवाल

विवाद इसलिए बढ़ा है क्योंकि बाद की सूची में रोहित सावंत समेत कई नाम बढ़े दिखाई दे रहे हैं। पार्टी से जुड़े लोगों के मुताबिक, बाद में जोड़े गए कुछ सदस्यों का भाजपा कार्यालय में स्वागत भी किया गया था।

अब सवाल है कि अगर 7 सितंबर के बाद कोई आधिकारिक सूची जारी नहीं हुई तो नए नाम किस आधार पर जुड़े और यह सूची संबंधित लोगों तक कैसे पहुंची। फिलहाल रोहित सावंत का नाम हटाए जाने और नई सूची जारी होने की चर्चा है। पार्टी की ओर से इस संबंध में अंतिम स्थिति स्पष्ट किया जाना बाकी है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, एक महीने तक होंगे ये खास कार्यक्रम; जानें पूरी लिस्ट

Related Articles

Back to top button