मिर्जापुर सड़क हादसे में दूसरी मौत, पांच दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद जयप्रकाश ने तोड़ा दम

मिर्जापुर के वाराणसी-रीवा हाईवे पर स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर में घायल जयप्रकाश तिवारी ने पांच दिन बाद उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले उनके चचेरे भाई ओमचंद तिवारी की मौके पर मौत हो गई थी। परिवार में मातम पसरा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  मिर्जापुर के वाराणसी-रीवा हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पूरी तरह उजाड़ दी हैं। पांच दिन पहले स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए 27 वर्षीय जयप्रकाश तिवारी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले इसी हादसे में उनके चचेरे भाई ओमचंद तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई थी। दोनों युवकों की मौत से गांव में शोक की लहर है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

18 जून को लालगंज थाना क्षेत्र के बामी गांव निवासी ओमचंद तिवारी और जयप्रकाश तिवारी ट्रैक्टर की सर्विसिंग कराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेमरा प्रताप गांव के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनके ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में महाकालेश्वर उज्जैन से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु सवार थे, जो बिहार जा रहे थे।

इतनी भीषण थी टक्कर कि दो हिस्सों में बंट गया ट्रैक्टर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में टूट गया और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के बोनट पर बैठे ओमचंद तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जयप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद उन्हें मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि जयप्रकाश स्वस्थ होकर घर लौट आएंगे, लेकिन पांचवें दिन उनकी हालत अचानक बिगड़ गई।

प्रयागराज रेफर किए जाने के बाद उपचार के दौरान मौत

सोमवार दोपहर बाद जयप्रकाश को सांस लेने में परेशानी होने लगी। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई। मृतक जयप्रकाश तिवारी अविवाहित थे और दो भाइयों में छोटे थे। उनके पिता हरिशंकर तिवारी और ओमचंद के पिता सगे भाई हैं। दोनों परिवार एक ही घर में रहते हैं। पहले ओमचंद की मौत और अब जयप्रकाश के निधन से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। लहंगपुर पुलिस चौकी प्रभारी सुजीत कुमार सेठ ने दूसरे घायल युवक की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी

यह भी पढ़ें: लखनऊ अग्निकांड के बाद कानपुर में हड़कंप, KDA ने शुरू की ताबड़तोड़ सीलिंग!

Related Articles

Back to top button