परिसीमन विधेयक पास करने के लिए शाह कर रहे सााजिश : जयराम

  • कांगेस का मानसून सत्र का सत्रावसान न करने में हुई देरी को लेकर मोदी सरकार पर निशाना

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। कांग्रेस ने संसद के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद भी सत्र का सत्रावसान न करने में हुई देरी को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि उसने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पास कराया जा सके। कांग्रेस के संचार विभाग के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी सवाल उठाया कि सरकार परिसीमन प्रस्तावों पर व्यापक आम सहमति बनाने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने से क्यों इनकार कर रही है। उन्होंने पूछा कि भारतीय गणराज्य के मूल सिद्धांतों के लिए इतने महत्वपूर्ण मुद्दे पर गोपनीयता और रहस्य क्यों बरता जा रहा है।
हालांकि, अनिश्चित काल के लिए स्थगन से सदन की बैठक तो खत्म हो जाती है और दोबारा मिलने की कोई तारीख तय नहीं होती, लेकिन सत्र कानूनी तौर पर खुला रहता है। जब तक राष्ट्रपति औपचारिक रूप से सत्र का सत्रावसान नहीं करते, तब तक तकनीकी रूप से सदन सत्र में ही माना जाता है। एक्स पर एक पोस्ट में रमेश ने कहा कि तो आज मोदी सरकार ने 2015 में बनाए अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए एक नया रिकॉर्ड बनाया है। संसद के अनिश्चित काल के लिए स्थगन और उसके सत्रावसान के बीच का अंतर 29 दिन हो गया है। 2015 के मॉनसून सत्र के दौरान यह अंतर 28 दिन का था। उन्होंने कहा कि मॉनसून सत्र के लिए यह अंतर दिन-ब-दिन बढ़ रहा है और जल्द सत्रावसान की कोई साफ संभावना नहीं दिख रही है, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आम तौर पर यह अंतर सिर्फ तीन से चार दिन का होता है।

Related Articles

Back to top button