Sidharth Malhotra के पिता Sunil का हुआ निधन, नींद में ही छोड़ गए दुनिया
बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बार फिर दुःखद खबर सामने आई है। आखिर, एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ जो टूट पड़ा है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बार फिर दुःखद खबर सामने आई है। आखिर, एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ जो टूट पड़ा है।
एक्टर के सिर से उनके का साया छीन गया है। मायानगरी से ये बुरी खबर मिली है कि, एक्टर के पिता सुनील मल्होत्रा अब इस दुनिया में नहीं रहे हैं। उनका निधन हो गया है।
खुद इस दुखद खबर को सिद्धार्थ मल्होत्रा ने ही लोगों के साथ साझा किया है। यूं तो, सिद्धार्थ के पिता का निधन 13 फरवरी को हो गया था, पर इसकी जानकारी अब सामने आई है। सिद्धार्थ ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा कर पिता के दुनिया से जाने की जानकारी अपने फैन्स को दी।
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने पिता के निधन के बाद उनके साथ नौ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की। हर तस्वीर के मायने अपने आप में अलग थे। जिनमें बचपन की यादों से लेकर बड़े होने तक की मेमोरीज शामिल हैं। ना सिर्फ सिद्धार्थ ने इन खास तस्वीरों को साझा किया.. बल्कि,इनके साथ एक लंबा चौड़ा नोट भी लिखा। जिसमें उन्होंने बेहद भावुक होकर पिता के लिए अपने मन की बात लिखी है।
इमोशनल पोस्ट के कैप्शन में सिद्धार्थ ने लिखा उन्होंने ऐसी वैल्यूज के साथ जिंदगी बिताई, जो कभी नहीं झुकीं। उनमें अनुशासन था, पर कठोरता नहीं। ताकत थी पर अहंकार नहीं। जिंदगी की तमाम मुश्किलों में भी पॉजिटिव रहे। मर्चेंट नेवी कैप्टन के तौर पर समंदर की कमान संभालने से लेकर शांत साहस के साथ बीमारी का सामना करने तक, उन्होंने कभी समझौता नहीं किया, कभी अपनी गरिमा नहीं खोई।
यहां तक कि जब स्ट्रोक के कारण उन्हें व्हीलचेयर पर बैठना पड़ा, तब भी उनका हौसला बुलंद रहा। पापा, आपकी ईमानदारी मेरी विरासत है। आपकी शक्ति हर दिन मेरा मार्गदर्शन करती है। आपकी पॉजिटिविटी आज भी इस परिवार को एक साथ जोड़े रखती है। आप शांतिपूर्वक अपनी नींद में हमें छोड़कर चले गए, लेकिन आपके जाने से जो खालीपन आया है वह असीम है। मैं जो कुछ भी हूं, आपकी वजह से हूं। और मैं आपका नाम, आपके मूल्य और आपकी रोशनी हमेशा आगे ले जाऊंगा।
सिद्धार्थ के इस पोस्ट पर कई फैंस और सेलेब्स के कमेंट आए हैं। करण जौहर, अर्जुन कपूर और महीप कपूर से लेकर कई और सेलेब्स ने सिद्धार्थ को हिम्मत रखने को कहा और हौसला दिया। वहीं, फैंस ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
तो, सिद्धार्थ के अपने पिता के लिए साझा किये इस नोट से साफ़ जाहिर हो रहा है कि, वो अपने पापा सुनील मल्होत्रा के बेहद करीब थे। वहीं, रिपोर्टस के मुताबिक, पिता सुनील मल्होत्रा की मौत की खबर मिलते ही सिद्धार्थ और कियारा आडवाणी तुरंत दिल्ली के लिए निकल गए थे। परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि सुनील मल्होत्रा का अंतिम संस्कार हो चुका है, पर सिद्धार्थ और कियारा अभी परिवार के साथ दिल्ली में कुछ दिन और रहेंगे। पिता के निधन से सिद्धार्थ गहरे सदमे में हैं। वो पिता के बहुत ज्यादा करीब थे। तो, सिद्धार्थ ने अपने इस दुख के बारे में किसी को नहीं बताया और वह अकेले ही परिवार के साथ पिता को खोने के गम से जूझ रहे हैं। परिवार इस समय गहरे शोक में है और उन्होंने निजी जीवन का सम्मान करने की अपील की है।
एक्टर के पापा की तबियत बीते काफी सालों से नासाज़ चल रही थी। पिछले साल एक बातचीत के दौरान सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने पिता की सेहत को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि ”उन्हें कभी-कभी अफसोस होता है कि वह काम के चलते मुंबई में रहते हैं, जबकि उनकी मां दिल्ली में अकेले रहकर पिता की देखभाल करती हैं”।
वहीं, सिद्धार्थ की शादी तक में उनके पापा खराब तबियत से जूझ रहे थे। सिद्धार्थ-कियारा का जब मुंबई में रिसेप्शन हुआ था..तब भी सुनील मल्होत्रा को व्हीलचेयर पर देखा गया था। जहां सिड अपने पिता का पल-पल साया बनकर खड़े हुए नजर आये थे। जानकारी के लिए बता दें कि, सिद्धार्थ के पिता सुनील मर्चेंट नेवी में कप्तान थे। वो पैरालाइज्ड थे, जिस वजह से व्हीलचेयर का इस्तेमाल करते थे।
बात यहां सिद्धार्थ मल्होत्रा की करें तो, एक्टर का जन्म 16 जनवरी 1985 को फॉर्मर नेवी ऑफिसर सुनील और रीमा के घर दिल्ली में हुआ था। सिद्धार्थ को बचपन से ही एक्टिंग करने में इंटरेस्ट था। जब भी बचपन में उनकी नाक से खून निकलता तो वो दर्द से ध्यान भटकाने के लिए अमिताभ बच्चन के डायलॉग की नकल उतारते थे। सिद्धार्थ ये सोचते थे कि वो एक एक्शन सीन कर रहे हैं, जिससे उन्हें चोट लगी है। दिल्ली की ‘शहीद भगत सिंह यूनिवर्सिटी’ से ग्रेजुएशन के बाद सिद्धार्थ ने मॉडलिंग इंडस्ट्री में कदम रखा था। मॉडलिंग में कदम रखते ही सिद्धार्थ ने ”द मैनहंट पैजेंट” और ”द ग्लैडरेग्स मेगा मॉडल” का खिताब जीता था।
महज 18 साल के सिद्धार्थ को गुड लुक्स और लंबी हाइट के चलते मॉडलिंग में खूब कामयाबी मिली। लेकिन, कामयाबी मिलने के बावजूद उन्होंने एक्टिंग के लिए मॉडलिंग को छोड़ दिया। जिसके बाद सिद्धार्थ को 2009 में टीवी शो ”धरती का वीर योद्धा पृथ्वीराज चौहान” में जयचंद का एक छोटा सा रोल मिला। इस शो के बाद सिद्धार्थ ने अनुभव सिन्हा की फिल्म के लिए ऑडिशन दिया था। इस फिल्म में उन्हें तीन लीड्स में से एक रोल मिला था। फिल्म का कॉन्ट्रैक्ट मिलने के बाद प्रोडक्शन ने उन्हें मुंबई में एक घर दिया और सैलरी भी। 6 महीनों तक सिद्धार्थ उस घर में रहे, लेकिन फिर अनुभव सिन्हा की फिल्म ठंडे बस्ते में चली गई और उन्हें वो घर छोड़ना पड़ा।
तो, सिद्धार्थ के लुक से इम्प्रेस होकर उन्हें मधुर भंडारकर की फिल्म ”फैशन” में प्रियंका चोपड़ा के साथ लीड रोल दिया गया था, हालांकि मॉडलिंग के लिए उन्होंने ये फिल्म ठुकरा दी थी। जिसके बाद, सिद्धार्थ का डेब्यू फिल्म मेकर करण जौहर की फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से हुआ। स्टारकिड्स आलिया भट्ट और वरुण धवन ने भी सिद्धार्थ के साथ इसी फिल्म से इंडस्ट्री में कदम रखा था। इसके बाद से वो अभी तक इंडस्ट्री में लगातार एक्टिव हैं। एक्टर ने ‘मरजावां’, ‘एक विलेन’, ‘अय्यारी’, ‘कपूर एंड सन्स’, ‘बार-बार देखो’, ‘शेरशाह’ जैसी सुपरहिट फिल्में दीं।
पर्सनल लाइफ की बात करें तो, आलिया भट्ट से अफेयर रहने के बाद सिद्धार्थ की ज़िंदगी में कियारा उर्फ़ आलिया आडवाणी आईं। सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी पहली बार फिल्म ”शेरशाह” में साथ नजर आए थे। दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई, जिसके बाद दोनों के लिंक अप भी खबरें सामने आईं। फिर, काफी समय तक डेट करने के बाद दोनों ने साल 2023 फरवरी में राजस्थान में रॉयल वेडिंग की। बीते साल, जुलाई में ही ये कपल एक बेटी का पेरेंट्स बना..जिनका नाम इन्होंने सरायाह रखा है।



