चार फाटक खुले, पानी का बहाव तेज… फिर भी सिरसी डैम के डेंजर जोन में पहुंच रहे सैलानी

मीरजापुर के सिरसी डैम के चार फाटक खुलने के बावजूद सैलानी डेंजर जोन में पहुंच रहे हैं। बैरिकेडिंग और पुलिस ड्यूटी नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  मीरजापुर के सिरसी डैम पर इन दिनों पानी का बढ़ता बहाव रोमांच के साथ बड़ा खतरा भी लेकर आया है। बुधवार रात से जलस्तर बढ़ने के बाद डैम के चार फाटक खोले गए हैं। निचले हिस्से में पानी का बहाव तेज है, इसके बावजूद सैलानी रोक और चेतावनी को दरकिनार कर पत्थरों से होकर डेंजर जोन तक पहुंच रहे हैं। तस्वीरों में भी लोग प्रतिबंधित हिस्से के करीब जाते दिखाई दे रहे हैं।

चार फाटक खुले, फिर भी खतरे वाले हिस्से तक पहुंच

पटेहरा विकासखंड के पहाड़ी क्षेत्र में स्थित सिरसी डैम पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है। जलस्तर बढ़ने पर चार फाटक खोले जाने के बाद निचले हिस्से में पानी का बहाव बेहद तेज हो गया है।

प्रशासन ने पर्यटकों के डेंजर जोन में जाने पर रोक लगा रखी है। करीब तीन दशक पहले फाल के नीचे उतरने के दौरान चार लोगों की मौत के बाद नीचे जाने वाले रास्ते को दीवार खड़ी कर बंद किया गया था। इसके बावजूद लोग वैकल्पिक पथरीले रास्तों से प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंच रहे हैं।

रिल्स और सेल्फी के लिए जान जोखिम में

मौके की स्थिति यह है कि कई सैलानी रिल्स और सेल्फी बनाने के लिए पानी के बेहद करीब पहुंच रहे हैं। पत्थरों से भरे रास्ते फिसलन भरे हैं और पानी का बहाव भी तेज है। ऐसे में संतुलन बिगड़ने पर गंभीर हादसे का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय स्तर पर सामने आई तस्वीरों में सीढ़ियों और पथरीले रास्तों से लोगों की डेंजर जोन तक आवाजाही दिखाई दे रही है।

बैरिकेडिंग और पुलिस ड्यूटी नहीं होने से सवाल

सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर है। मौके पर पर्यटकों को रोकने के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग नजर नहीं आ रही है और पुलिस की ड्यूटी भी नहीं लगाई गई है। प्रशासन की ओर से डेंजर जोन में प्रवेश रोकने की बात कही जाती है, लेकिन जमीनी स्थिति अलग दिखाई दे रही है।

जलस्तर बढ़ने और चार फाटक खुले होने के दौरान संवेदनशील स्थानों पर सख्त निगरानी, बैरिकेडिंग और पुलिस तैनाती जरूरी है। समय रहते प्रभावी इंतजाम नहीं हुए तो सिरसी डैम पर बड़ा हादसा होने का खतरा बना रहेगा।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: मंत्री के कोतवाली पहुंचते ही बदले हालात! सैकड़ों कार्यकर्ताओं के बीच देर रात पिता-पुत्र रिहा

Related Articles

Back to top button