सीतापुर में MDM घोटाले का मामला, पुलिस ने इनामी पति-पत्नी को दबोचा
सीतापुर में MDM खाद्यान्न की कथित कालाबाजारी मामले में रामकोट पुलिस ने 20-20 हजार रुपये के इनामी रवि मिश्रा और मंजू मिश्रा को गिरफ्तार किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में मिड-डे मील (MDM) योजना के खाद्यान्न से जुड़े कथित घोटाले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रामकोट पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 20-20 हजार रुपये के इनामी दंपती को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
MDM खाद्यान्न मामले में लंबे समय से थे वांछित
पुलिस के मुताबिक नई ग्वाल मंडी निवासी रवि मिश्रा और उनकी पत्नी मंजू मिश्रा MDM योजना के खाद्यान्न की कथित कालाबाजारी और हेराफेरी से जुड़े मामले में वांछित चल रहे थे। दोनों की गिरफ्तारी पर पुलिस प्रशासन की ओर से 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
रात में पुलिस टीम ने दोनों को दबोचा
रामकोट थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 256/2026 में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 और बीएनएस की धारा 316(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार 7/8 अक्टूबर की रात विशेष अभियान के दौरान दोनों को गिरफ्तार किया गया।
एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस कार्रवाई एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश, एएसपी उत्तरी आलोक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और सीओ सिटी विनय कुमार यादव के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दंपती के खिलाफ मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। खाद्यान्न की कथित हेराफेरी से जुड़े इस मामले में जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: नौकरी की तलाश कर रहे पंजाब के युवाओं के लिए बड़ी खबर, कंपनियां अब सीधे करेंगी संपर्क



