Sitapur MLC Election: सीतापुर में आज MLC चुनाव के लिए मतदान, 45,213 मतदाता करेंगे वोट; वेबकास्टिंग से होगी निगरानी
सीतापुर में लखनऊ खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। 21 केंद्रों और 72 मतदेय स्थलों पर 45,213 मतदाता वोट डालेंगे। सभी केंद्रों पर वेबकास्टिंग होगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में लखनऊ खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को आरएमपी डिग्री कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। शुक्रवार सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। जिले में 45,213 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
आरएमपी डिग्री कॉलेज से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां
गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे से शाम 4 बजे तक शहर के आरएमपी डिग्री कॉलेज से पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतदान सामग्री और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद कर्मचारियों को आवश्यक सामग्री सौंपकर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
21 केंद्रों पर 45 हजार से अधिक मतदाता डालेंगे वोट
जिले के 19 ब्लॉकों में कुल 21 मतदान केंद्र और 72 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। निर्वाचन क्षेत्र के तहत जिले में कुल 45,213 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 40,600 स्नातक मतदाता और 4,613 शिक्षक मतदाता शामिल हैं। मतदान सुबह 8 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा।
सभी केंद्रों पर वेबकास्टिंग, सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात
मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। प्रशासन ने चुनाव ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से अपनी जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए हैं। डीएम डॉ. राजा गणपति आर के मुताबिक, सभी पोलिंग पार्टियों को जरूरी मतदान सामग्री के साथ रवाना कर दिया गया है और मतदान की निगरानी के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: मां के पीछे-पीछे तालाब पहुंची 4 साल की अंतिमा, फिर घर में मच गई चीख-पुकार



