सीतापुर में सरायन का जलस्तर बढ़ा, अचानक रैन बसेरों में पहुंचे DM; दिए ये बड़े निर्देश

सीतापुर में सरायन नदी का जलस्तर बढ़ने पर डीएम ने रैन बसेरों और जलभराव प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को भोजन, पानी और सुरक्षित स्थान की व्यवस्था के निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में सरायन नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही जिला प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने शहर के रैन बसेरों और जलभराव प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर सुविधाओं की स्थिति जानी और अधिकारियों को राहत व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

रैन बसेरों में पहुंचे डीएम, लोगों से जानी परेशानी

जिलाधिकारी ने शहर के विभिन्न रैन बसेरों का निरीक्षण किया। यहां ठहरे लोगों से बातचीत कर उन्होंने भोजन, शुद्ध पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रैन बसेरों में रह रहे लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और जरूरत के मुताबिक सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी हरसंभव मदद कर रहा है। साथ ही लोगों के सामान को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लोनियनपुरवा समेत कई इलाकों में जलभराव का जायजा

रैन बसेरों के निरीक्षण के बाद डीएम ने लोनियनपुरवा, केशव ग्रीन सिटी, कजियारा और तरीनपुर समेत जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर हालात देखे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

इस दौरान संबंधित अधिकारियों को मौके के अनुसार जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए, ताकि जलभराव के कारण लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

घरों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जो लोग अभी भी जलभराव वाले क्षेत्रों में अपने घरों में रह रहे हैं, उन्हें समझाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। प्रभावित इलाकों में भोजन और पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सजग और सक्रिय है। किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराया जाएगा और प्रभावित लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: मां बस कुछ मिनट इंतजार करती रही… फिर नहीं लौटा अजनबी, 9 साल की मासूम का नहीं मिला सुराग

Related Articles

Back to top button