सीतापुर में दर्दनाक हादसा: बेटे को बचाने नाले में उतरे पिता, दो किशोरों समेत तीन की मौत
सीतापुर के रामपुर मथुरा क्षेत्र में नाले में डूबने से पिता और दो किशोरों की मौत हो गई। किशोर को बचाने उतरे तीनों गहरे पानी में चले गए। दो घंटे बाद शव बरामद हुए।

सीतापुर: खेत देखकर लौटते वक्त एक पल में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के सरैया मसूदपुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर नाले में एक किशोर का पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए पिता और एक अन्य किशोर पानी में उतरे, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण तीनों डूब गए। करीब दो घंटे के खोज अभियान के बाद तीनों के शव बाहर निकाले जा सके।
किशोर का पैर फिसला, बचाने उतरे पिता
सरैया मसूदपुर निवासी सुरेंद्र चौहान (40) अपने बेटे सौरभ (14), शोभित (16), सत्येंद्र और शिवा के साथ खेत देखने नाले के पार गए थे। दोपहर करीब 12 बजे लौटते समय सौरभ का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। सौरभ को डूबता देखकर उसके पिता सुरेंद्र चौहान और शोभित उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में चले गए।
दो घंटे चला शवों की तलाश
हादसा देखकर सत्येंद्र और शिवा ने भी बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। दोनों किसी तरह बाहर निकले और गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से नाले में खोज अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुरेंद्र, सौरभ और शोभित के शव बरामद किए गए। शव निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम महमूदाबाद अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ महमूदाबाद कपूर कुमार और राजस्व विभाग की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने पंचनामा भरकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: बांदा में दो मासूम भाइयों की हत्या का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार; ऐसे हुई कार्रवाई



