1 से 15 अप्रैल तक स्कूली वाहनों पर सख्त अभियान, बिना फिटनेस व परमिट के वाहन होंगे जब्त
लखीमपुर खीरी में स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष सघन अभियान चलाया जाएगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: लखीमपुर खीरी में स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष सघन अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) शान्ति भूषण पाण्डेय ने दी।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिले में संचालित सभी स्कूल बसों और वैन की गहन जांच की जाएगी। विशेष रूप से उन वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी जिनका फिटनेस प्रमाणपत्र या परमिट समाप्त हो चुका है या जिनकी आयु 15 वर्ष से अधिक हो गई है।
परिवहन विभाग द्वारा अब तक करीब 41 ऐसे वाहनों का पंजीकरण निरस्त किया जा चुका है, जिनकी फिटनेस या रजिस्ट्रेशन समाप्त हो चुका था। साथ ही, स्कूलों में जाकर वाहनों की भौतिक जांच भी की गई है।
विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने सभी वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करें। वाहन की बॉडी मजबूत हो, फर्श सुरक्षित हो और वह निर्धारित स्कूल बस मानकों के अनुरूप हो—इस पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। यदि कोई वाहन तकनीकी रूप से खराब पाया जाता है, तो उसे सुधार के बाद ही संचालन की अनुमति दी जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना फिटनेस, बिना परमिट या निर्धारित आयु पूरी कर चुके वाहन यदि सड़कों पर चलते पाए गए, तो उन्हें तुरंत जब्त कर संबंधित थाने में खड़ा कराया जाएगा। ऐसे मामलों में विद्यालय प्रबंधन को पूर्ण रूप से जिम्मेदार ठहराते हुए विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।



