सीतापुर में 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत, सोशल मीडिया पोस्ट ने बढ़ाए सवाल

सीतापुर के महमूदाबाद में 17 वर्षीय आयुष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के भुड़कुला मजरा सेमरा गांव में 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक की पहचान 17 वर्षीय आयुष के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि बिजली विवाद के दौरान कुछ लोग उसे कोतवाली ले गए थे। वहां से लौटने के बाद उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक के भाई का आरोप है कि आयुष को जहर दिया गया था, जिससे उसकी मौत हुई।

इंस्टाग्राम स्टोरी भी जांच के दायरे में

पुलिस के अनुसार, मौत से पहले किशोर ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ी एक स्टोरी पोस्ट की थी। इस पर मेटा की ओर से मिले अलर्ट के बाद पुलिस ने उसकी काउंसलिंग भी कराई थी। अब सोशल मीडिया गतिविधियों और परिजनों के आरोपों समेत सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चलेगा। फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है और जांच जारी है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: 19 साल की शादी के बाद महिला की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

Related Articles

Back to top button